कुंदन कुमार, पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को है। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी 17 सितंबर से एक महीने यानी 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर पूरे बिहार में 10 लाख दीपक जलाये जायेंगे और 8000 कार्यकर्ता रक्तदान करेंगे। यह 10 लाख दीपक विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी जलाएंगे।

‘CM-PM के तौर पर 25 साल का कार्यकाल होगा पूरा’

पीएम मोदी के जन्मदिन पर एक महीने तक 13 अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें युवा, महिला, पुरुष, छात्र उद्यमी सहित समाज के सभी लोग शामिल होंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बताया कि 7 अक्टूबर को नरेंद्र मोदी का मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष का कार्यकाल पूरा होगा। 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे वे एकमात्र ऐसे नेता हैं, जिन्होंने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों का कार्यकाल पूरा किया है।

‘भारत को आत्मनिर्भर बनाना पीएम मोदी का लक्ष्य’

इस दौरान उन्होंने (पीएम मोदी) जन धन योजना उज्ज्वला योजना शौचालय निर्माण नाल से जल आयुष्मान भारत पीएम किसान और प्रधानमंत्री आवास योजना से लोगों को लाभ पहुंचाया है। वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में भारत की जीडीपी वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रही है। संजय सरावगी ने कहा कि, प्रधानमंत्री का लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाना है।

ये भी पढ़ें- CM सम्राट ने बुलाई कैबिनेट की अहम बैठक, बाढ़ पीड़ितों को लेकर हो सकता है बड़ा ऐलान