प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज हरियाणा के जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ करने जा रहे हैं। इसके साथ ही वे हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के लिए कुल 26,800 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
जींद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज हरियाणा, पंजाब और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के विकास को बड़ी रफ्तार देने आ रहे हैं। वे जींद से देश की पहली पर्यावरण अनुकूल हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री तीनों क्षेत्रों के लिए कुल 26,800 करोड़ रुपये की सौगात देते हुए कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
जींद से होगा सफर शुरू
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तय कार्यक्रम के अनुसार वे सबसे पहले जींद पहुंचेंगे। यहां सुबह 11 बजे वे जींद-सोनीपत रूट पर चलने वाली देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद एकलव्य स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वे हरियाणा के लिए 14,700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने के बाद एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएम के इस आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं, जिसमें बहादुरगढ़ क्षेत्र के एसीपी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि केवल उनके इलाके में ही सुरक्षा के लिए अधिकारियों सहित लगभग 160 से 165 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
प्रदूषण मुक्त तकनीक
देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का जींद रेलवे जंक्शन पहुंचने पर स्वागत किया गया। ट्रेन के पायलट राजेश कुमार ने बताया कि यह अत्यधिक आधुनिक तकनीक से लैस और अधिक पावर वाली साउंड प्रूफ ट्रेन है, जिससे पर्यावरण में कोई प्रदूषण नहीं होगा और इसकी गति भी काफी अच्छी है। इस संबंध में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि वैश्विक स्तर पर हाइड्रोजन को ऊर्जा के नए विकल्प के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि भारत में नेशनल हाइड्रोजन मिशन इस दिशा में तेजी से काम कर रहा है और परिवहन क्षेत्र में इस तकनीक का उपयोग एक बड़ा बदलाव लाएगा।
चंडीगढ़ में बड़े प्रोजेक्ट
जींद के बाद प्रधानमंत्री दोपहर लगभग 1:45 बजे चंडीगढ़ पहुंचेंगे। यहां वे 6,600 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके तहत पीजीआई (PGI) में नवविर्मित 300 बेड वाले ‘एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर’ तथा ‘एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर’ का उद्घाटन किया जाएगा, जहां न्यूरो से संबंधित सभी बड़ी चिकित्सा सुविधाएं मरीजों को एक ही छत के नीचे मिल सकेंगी। इसके साथ ही वे आईटी सिटी से कुराली तक बने छह-लेन के नए ग्रीनफील्ड हाईवे का भी लोकार्पण करेंगे।
जालंधर में भव्य तैयारी
चंडीगढ़ के बाद प्रधानमंत्री मोदी दोपहर बाद 4 बजे पंजाब के जालंधर पहुंचेंगे, जहां वे जालंधर कैंट स्टेशन पर सवा पांच बजे तक रुकेंगे। वे यहां 125 करोड़ रुपये की लागत से एयरपोर्ट की तर्ज पर पुनर्विकसित किए गए स्टेशन का लोकार्पण करेंगे। इसके अतिरिक्त वे गुरु रविदास जी के नाम पर चलने वाली छेहरटा-वाराणसी एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इस मौके पर पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और मुख्यमंत्री भगवंत मान भी उपस्थित रहेंगे। प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम के दौरान नंगल डैम-तलवाड़ा-मुकेरियां नई रेल लाइन सहित 75 पुनर्विकसित स्टेशनों का भी लोकार्पण किया जाएगा।
रूट डायवर्जन की व्यवस्था
प्रधानमंत्री की सुरक्षा और वीवीआईपी गतिविधियों के चलते जालंधर में शुक्रवार को जालंधर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह 8 बजे से शाम 5:30 बजे तक यातायात डायवर्ट रहेगा। अमृतसर, लुधियाना, जालंधर और पठानकोट को जोड़ने वाले इस मार्ग के बजाय वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा।
- लुधियाना से अमृतसर जाने वाले वाहन फगवाड़ा, जंडियाला, नकोदर, कपूरथला और सुभानपुर होकर निकलेंगे।
- लुधियाना से होशियारपुर व पठानकोट जाने वाले वाहनों को चंडीगढ़ बाईपास (कोनिका रिजार्ट), मेहटियाना, होशियारपुर और दसूहा मार्ग पर भेजा जाएगा।
- मोगा से पठानकोट की ओर आने-जाने वाले भारी वाहन नकोदर, कपूरथला, सुभानपुर, नडाला और टांडा मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे।
- हरियाणा की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

