पीएम मोदी सोमवार को इंडोनेशिया की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर शाम में राजधानी जकार्ता पहुंचे. एयरपोर्ट पर मोदी का स्वागत इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने किया. पीएम मोदी ने इस आत्मीय स्वागत के लिए राष्ट्रपति प्रबोवो का आभार जताते हुए कहा कि वह इससे बेहद भावुक और अभिभूत हैं. जकार्ता एयरपोर्ट पर भारतीय समुदाय ने अभूतपूर्व उत्साह के साथ उनका अभिनंदन किया.
प्रधानमंत्री बनने के बाद यह मोदी का इंडोनेशिया का तीसरा दौरा है. पीएम मोदी की यह यात्रा जनवरी 2025 में गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर राष्ट्रपति प्रबोवो की भारत की राजकीय यात्रा के बाद हो रही है.

पीएम मोदी ने भी लोगों से मुलाकात की और उनका अभिवादन स्वीकार किया. उन्होंने रामायण की कहानी पर आधारित पारंपरिक शैडो पपेट्री भी देखी, जिसमें भारत की प्राचीन संस्कृति की झलक दिखी. जकार्ता में प्रधानमंत्री मोदी ने ‘समन्वय ग्रुप’ द्वारा भरतनाट्यम की शानदार प्रस्तुति देखी. उन्होंने कहा कि इस प्रस्तुति को देखना उनके लिए एक सुखद अनुभव रहा.

भारतीय समुदाय के स्वागत और कलाकारों की शानदार प्रस्तुति देख पीएम मोदी बहुत खुश हुए और उन्होंने कलाकारों की सराहना की. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ”जकार्ता में, मुझे सामन्वय ग्रुप की ओर से प्रस्तुत एक सुंदर भरतनाट्यम नृत्य प्रदर्शन देखने का मौका मिला.

प्रधानमंत्री मोदी ने जकार्ता में भारतीय समुदाय द्वारा किए गए स्वागत को भी बेहद भावुक करने वाला बताया. जकार्ता में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ‘होमेज टू द ट्रिपल जेम’ की प्रस्तुति, जिसे ‘विहारा धर्म रत्न ग्रुप’ के कलाकारों ने प्रस्तुत किया, अत्यंत प्रभावशाली रही. इसमें भगवान बुद्ध की कालातीत शिक्षाओं और ट्रिपल जेम के गहरे मूल्यों को बहुत अच्छे तरीके से दिखाया गया.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

