पटना। बिहार और बंगाल की राजनीति में इन दिनों ‘झालमुड़ी’ सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा बन गई है। पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के झालमुड़ी खाने के वीडियो के बाद बिहार के मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने उन पर तीखा हमला बोला है। RJD का दावा है कि पीएम मोदी हर कदम पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की नकल कर रहे हैं।
RJD का तंज: ‘कॉपी ही करना है तो नौकरी देना सीखिए’
राजद ने अपने आधिकारिक ‘X’ हैंडल पर तेजस्वी यादव का एक पुराना वीडियो साझा किया है, जिसमें वे चुनावी दौरे के दौरान सड़क किनारे झालमुड़ी का आनंद लेते दिख रहे हैं। राजद ने पीएम मोदी पर कटाक्ष करते हुए लिखा, मोदी जी, कब तक तेजस्वी की कॉपी करते रहेंगे? गमछा लहराने और हेलीकॉप्टर से वीडियो बनाने के बाद अब झालमुड़ी की भी नकल? अगर कॉपी ही करना है तो तेजस्वी की तरह युवाओं को नौकरी देने की शैली कॉपी कीजिए।

सोशल मीडिया पर छिड़ा ‘वार-पलटवार’
इस पोस्ट के बाद इंटरनेट पर बहस का बाजार गर्म हो गया। जहां राजद समर्थकों ने तेजस्वी को ‘ट्रेंडसेटर’ बताया, वहीं विरोधियों ने पलटवार करने में देरी नहीं की। एक यूजर ने लिखा, काश! तेजस्वी जी मोदी जी की विकास वाली राजनीति कॉपी कर लेते। वहीं, दूसरे यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि मोदी जी ‘जंगलराज’, ‘चारा घोटाला’ और ‘नौवीं फेल’ होने जैसी चीजों की नकल कभी नहीं कर पाएंगे।
झाड़ग्राम की वह दोपहर: जब PM ने कहा- ‘मैं दिमाग नहीं खाता’
पूरी विवाद की जड़ झाड़ग्राम की वह रैली है, जिसके बाद पीएम मोदी अचानक एक छोटे से स्टॉल पर रुक गए। सुरक्षा के कड़े घेरे के बीच पीएम को साधारण दुकानदार के पास देख लोग हैरान रह गए। इस दौरान एक बेहद दिलचस्प वाक्या हुआ जब दुकानदार ने पैसे लेने से मना कर दिया।
प्रधानमंत्री ने अपनी जेब से पैसे निकालते हुए स्पष्ट कहा, नहीं भाई, ऐसा नहीं चलेगा। उन्होंने 10 रुपये का भुगतान किया। इसी दौरान जब दुकानदार ने हंसी-मजाक की कोशिश की, तो पीएम ने मजाकिया लहजे में जवाब दिया भाई, मैं दिमाग नहीं खाता, सिर्फ झालमुड़ी खाता हूं। पीएम का यह अंदाज सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
जो झालमुड़ी बंगाल का एक साधारण नाश्ता है, वह अब बिहार की चुनावी जमीन पर भाजपा और राजद के बीच वर्चस्व की लड़ाई का प्रतीक बन गई है। एक तरफ पीएम का सहज अंदाज है, तो दूसरी तरफ राजद का वह दांव, जिसमें वह तेजस्वी को एक बड़े कद के नेता के रूप में स्थापित करने की कोशिश कर रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

