प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज हरियाणा के जींद में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के साथ प्रदेश को करीब 14,700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। पीएम के इस महत्वपूर्ण दौरे को लेकर जींद में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और 5 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात हैं।

जींद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज हरियाणा के जींद में बड़ा कार्यक्रम करेंगे। पीएम मोदी देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के साथ प्रदेश को करीब 14,700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। प्रधानमंत्री जींद में विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। पीएम के दौरे को लेकर जींद में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और पूरा प्रशासन अलर्ट मोड पर है।

सुबह 10:45 बजे जींद पहुंचेंगे PM मोदी

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हेलीकॉप्टर सुबह करीब 10:45 बजे जींद रेलवे स्टेशन के समीप उतरेगा। इसके बाद प्रधानमंत्री सीधे रेलवे स्टेशन जाएंगे।

11 बजे देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी

सुबह करीब 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद रेलवे स्टेशन से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन जींद-सोनीपत रूट पर संचालित होगी। देश में स्वच्छ ऊर्जा आधारित रेल परिवहन की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

11:30 बजे जनसभा, 14,700 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद प्रधानमंत्री करीब 11:30 बजे एकलव्य स्टेडियम के सामने स्थित हुडा ग्राउंड में पहुंचेंगे। यहां वे विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री करीब 14,700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

हरियाणा को मिलेंगी ये बड़ी सौगातें

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। इनमें—

  • दिल्ली-जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे के हरियाणा खंड की परियोजना।
  • कुरुक्षेत्र में एलिवेटेड रेलवे ट्रैक।
  • कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन का नवीनीकरण।
  • कुरुक्षेत्र में सिख संग्रहालय।
  • भिवानी में मेडिकल कॉलेज।
  • नारनौल के कोरियावास में मेडिकल कॉलेज सहित अन्य विकास परियोजनाएं शामिल हैं।

इन परियोजनाओं से प्रदेश में सड़क, रेलवे, स्वास्थ्य और पर्यटन क्षेत्र के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

SPG के निर्देश पर बदला गया PM का रूट

प्रधानमंत्री की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वीवीआईपी रूट में भी बदलाव किया गया है। एसपीजी के दिशा-निर्देशों के बाद अब प्रधानमंत्री का काफिला शहर की तंग गलियों से होकर नहीं गुजरेगा। पीएम का काफिला जींद रेलवे स्टेशन से पटियाला चौक, नरवाना चौक, अमरेहड़ी बाईपास और हैबतपुर रोड के रास्ते रैली स्थल तक पहुंचेगा।

5 हजार से अधिक पुलिसकर्मी सुरक्षा में तैनात

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर पूरे हरियाणा से 5,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हैं। इसके अलावा चिकित्सा सेवाओं और यातायात व्यवस्था को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

प्रधानमंत्री के दौरे से पहले सुरक्षा, चिकित्सा और यातायात व्यवस्था का फुल रिहर्सल भी किया जा चुका है। जींद में आज प्रधानमंत्री का यह दौरा कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक ओर जहां देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जाएगी, वहीं दूसरी ओर हरियाणा को हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी।