जींद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जींद में आयोजित विशाल जनसभा में हरियाणा के लोगों की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि हरियाणवियों ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और समर्पण से देश-दुनिया में प्रदेश का नाम रोशन किया है। प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली की भी खुलकर सराहना की और कहा कि हरियाणा की डबल इंजन सरकार सबका साथ, सबका विकास के मंत्र पर आगे बढ़ रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश के नौजवानों, किसानों और बहन-बेटियों के लिए बेहतरीन काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बिना खर्ची-पर्ची के नौकरी देने का जो रास्ता हरियाणा सरकार ने दिखाया है, वह आसान नहीं था, लेकिन भाजपा सरकार ने इसे करके दिखाया है।
‘हरियाणा अब तेज विकास के पथ पर दौड़ रहा’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हरियाणा अब तेज विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। खेती और उद्योग प्रदेश के विकास के दो महत्वपूर्ण पहिए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर, उद्योग, रोजगार और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है।
उन्होंने कहा कि आज हरियाणा की पहचान केवल कृषि और खेलों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश आधुनिक तकनीक, उद्योग और विकास के नए क्षेत्रों में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
‘जींद का घी और घेवर नहीं बदला, लेकिन तेवर बदल गए’
प्रधानमंत्री ने हरियाणवी अंदाज में जींद के लोगों से संवाद करते हुए कहा कि यहां आकर उनका मन गदगद हो गया है। उन्होंने कहा कि जींद की धरती इतिहास, वीरता, धर्म और गौरव की धरती है।
जींद की स्थानीय पहचान का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मुर्रा भैंस का दूध-दही और घी, जींद का देसी बूरा और यहां का घेवर ऐसी चीजें हैं, जो जींद की यादों से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि इतने वर्षों में जींद का घी और घेवर तो नहीं बदला, लेकिन जींद के तेवर जरूर बदल गए हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज जींद भाजपा-एनडीए के सुशासन मॉडल की तस्वीर बन रहा है और पूरा हरियाणा विकास की नई पटरी पर आगे बढ़ रहा है।
पहली हाइड्रोजन ट्रेन से हरियाणा का नाम इतिहास में दर्ज
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज जींद ने इतिहास रच दिया है। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को जींद से रवाना किया गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में जब भी भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का जिक्र होगा, तो जींद, सोनीपत और हरियाणा का नाम भी लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह 3200 हॉर्स पावर की हाइड्रोजन ट्रेन है और भारत ने पहली बार 10 कोच वाली हाइड्रोजन ट्रेन चलाकर दुनिया में अपनी तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन किया है। यह ट्रेन मेक इन इंडिया का शानदार उदाहरण है, जिसे भारतीय इंजीनियरों ने डिजाइन किया और भारतीय कंपनी ने बनाया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में हाइड्रोजन ट्रेन से जुड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर और नई फैक्ट्रियां स्थापित होंगी। इससे हरियाणा के युवाओं के लिए रोजगार के अनेक नए अवसर पैदा होंगे।
हरियाणा को मिले 14 हजार करोड़ से अधिक के प्रोजेक्ट
प्रधानमंत्री ने कहा कि हरियाणा को 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट मिले हैं। इनमें रेलवे, हाईवे और विरासत से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं। इसके साथ ही दो नए मेडिकल कॉलेज भी प्रदेश को समर्पित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि इन प्रोजेक्ट्स से हरियाणा के युवाओं के लिए डॉक्टर और मेडिकल क्षेत्र से जुड़े अन्य प्रोफेशनल बनने के नए अवसर पैदा होंगे। प्रधानमंत्री ने पीएम आवास योजना ग्रामीण के लाभार्थियों को मंच पर प्रतीकात्मक रूप से घर की चाबी भी सौंपी।
हरियाणवियों की स्वच्छता पहल की भी की सराहना
प्रधानमंत्री ने हरियाणा के लोगों की स्वच्छता के प्रति जागरूकता की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पिछले एक सप्ताह से सोशल मीडिया पर हरियाणा के सफाई अभियानों की चर्चा हो रही है।
उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि स्वच्छता केवल अभियान न रहे, बल्कि हमारा स्वभाव और संस्कार बने। प्रधानमंत्री ने कहा कि हर व्यक्ति स्वच्छता को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाए।
पांच नेशनल हाईवे से जुड़ा जींद
प्रधानमंत्री ने कहा कि जींद अब पांच-पांच नेशनल हाईवे से जुड़ चुका है। दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के हरियाणा वाले हिस्से का लोकार्पण किया गया है। जींद-गोहाना नेशनल हाईवे भी राष्ट्र को समर्पित किया गया है। इसके अलावा अंबाला-कालाअंब फोरलेन से हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के लोगों को लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से किसानों और पशुपालकों की उपज बड़ी मंडियों तक पहुंचाना आसान और सस्ता होगा। उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, पर्यटन को पंख लगेंगे और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
हरियाणा के खिलाड़ियों को लेकर भी PM मोदी ने जताया भरोसा
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में खेलों को फिटनेस और रोजगार का बड़ा माध्यम बनाया जा रहा है। खेलो इंडिया से लेकर TOPS योजना तक खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और आर्थिक सहायता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि भारत वर्ष 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करेगा और 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भी तैयारी की जा रही है। प्रधानमंत्री ने हरियाणा के खिलाड़ियों से पूरी ताकत के साथ तैयारी करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रदेश के बेटे-बेटियां हमेशा की तरह देश का नाम रोशन करेंगे।
किसानों को लेकर भी गिनाईं उपलब्धियां
प्रधानमंत्री ने कहा कि किसानों का हित सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पीएम किसान सम्मान निधि के तहत हरियाणा के किसानों को करीब 8 हजार करोड़ रुपये मिल चुके हैं। इसमें जींद के किसानों को 600 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिली है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जींद केवल विकास के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि अपनी ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के कारण भी विशेष पहचान रखता है। पांडु-पिंडारा और रामराय जैसे तीर्थस्थल आज भी लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं।
कुल मिलाकर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जींद दौरे में हरियाणा की जनता और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली सरकार की उपलब्धियां प्रमुखता से छाईं। प्रधानमंत्री ने एक ओर जहां हरियाणवियों की मेहनत, स्वच्छता और प्रतिभा की खुलकर तारीफ की, वहीं दूसरी ओर नायब सरकार की बिना खर्ची-पर्ची रोजगार, विकास और जनकल्याण की नीतियों को भी सराहा।
- जींद में चाय बनाते समय रसोई में फटा गैस सिलेंडर, मकान ढहा, हादसे में युवती की दर्दनाक मौत
- 18 July 2026 Rashifal : इस राशि के लोगों को मिलने वाला है आज खुशखबरी …
- मैक्सिको में 7.4 तीव्रता के भूकंप से हिली धरती, 10 लाख लोगों के लिए सुनामी का अलर्ट जारी
- ‘अब मेरे एक मित्र की बारी है…’ पूर्व कांग्रेस विधायक के BJP में जाने पर सांसद धर्मवीर का बड़ा दावा
- Morning News Brief: सुप्रीम कोर्ट बोला- नागरिकता तय करना चुनाव आयोग का अधिकार नहीं; देश में अब प्लास्टिक नोट चलेंगे

