चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार शाम कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की। इनमें हरियाणा के 11 खिलाड़ी भी शामिल रहे। इन खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भारत के लिए कुल 11 पदक जीते। इनमें 7 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं।

खिलाड़ियों के साथ पीएम मोदी ने ली सेल्फी

मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने खिलाड़ियों के साथ सेल्फी ली। उन्होंने इसकी रील अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी शेयर की। इस दौरान बॉक्सिंग में स्वर्ण पदक जीतने वाली हरियाणा की साक्षी चौधरी ने मुलाकात का अनुभव साझा किया।

साक्षी ने कहा कि सभी कॉमनवेल्थ गेम्स पदक विजेताओं को प्रधानमंत्री ने मिलने के लिए बुलाया था। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को प्रधानमंत्री से मिलकर गर्व और खुशी महसूस हुई। साक्षी ने प्रधानमंत्री के व्यवहार की भी तारीफ की।

पीएम मोदी ने कहा- जो खेलेगा, वो खिलेगा

प्रधानमंत्री मोदी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा, “जो खेलेगा, वो खिलेगा।” उन्होंने खिलाड़ियों से भारत के लिए हमेशा उत्साह के साथ समर्थन करने की अपील की। इसके बाद खिलाड़ियों के साथ भारत माता की जय के नारे भी लगाए।

4 दिन पहले मिला था मुलाकात का निमंत्रण

साक्षी चौधरी के पिता मनोज ने बताया कि प्रधानमंत्री से मुलाकात का निमंत्रण करीब 4 दिन पहले मिला था। रविवार सुबह करीब 7 बजे साक्षी को लेने के लिए सरकार की ओर से गाड़ी उनके घर पहुंची।

मनोज ने बताया कि साक्षी घर से निकलने से पहले चूरमा खाकर गई थी। प्रधानमंत्री से मिलने को लेकर वह काफी उत्साहित थी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m