प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों के लिए जारी अपने नए वीडियो संदेश में पेपर लीक माफिया के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट कहा कि पेपर लीक कराने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है और केंद्र सरकार शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय और आधुनिक बनाने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है।

हर राज्य और केंद्र सरकार पेपर लीक की परेशानी झेल रहा

प्रधानमंत्री ने कहा, टास्क फोर्स की रचना हो। फास्ट ट्रैक की रचना हो। राज्यों के सुझावों को ध्यान में लेना हो। पिछले कई दशकों से हर राज्य और केंद्र सरकार पेपर लीक की परेशानी झेल रहा है। बच्चों के भविष्य को भी इसके कारण संकट पैदा हो रहा है इन सब को ध्यान में रखते हुए देशव्यापी सभी राज्यों में भी और केंद्र में भी शिक्षा पद्धति में सुधार अनिवार्य हो गया है।

पीएम मोदी का पूरा संदेश पढ़ें-

दोनों सदनों से पेपर लीक बिल रोकने वाला बिल पास होने के बाद गुरुवार रात रात 10.40 बजे पीएम मोदी ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया। उन्होंने कहा-

“साथियों, आश्वस्त परीक्षा पद्धति के लिए हम लगातार एक के बाद एक कदम उठा रहे हैं। टास्क फोर्स की रचना हो, फ़ास्ट ट्रैक की रचना हो या राज्यों के सुझावों को ध्यान में लेना हो- क्योंकि पिछले कई दशकों से हर राज्य और केंद्र सरकार इस प्रकार की पेपर लीक की परेशानी झेल रही है। बच्चों के भविष्य पर भी इसके कारण संकट पैदा हो रहा है।

इन सबको ध्यान में रखते हुए देशव्यापी, सभी राज्यों में भी और केंद्र में भी शिक्षा पद्धति में सुधार अनिवार्य हो गया है, टेक्नोलॉजी के भरपूर उपयोग की आवश्यकता हो गई है। और साथ-साथ, फिर से कोई पेपर माफिया, पेपर लीक करने वाली गैंग, देश के बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाली गैंग- उनको बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे कठोर कानूनों की भी जरूरत है।

हम संसद में बिल लेकर के गए थे और जैसा मैंने आपसे वादा किया था, गत दो दिन संसद के दोनों सदनों में अधिकतम मान्य सांसदों ने विस्तारपूर्वक चर्चा की है। और आज दोनों सदनों ने इस कठोर कानूनों वाले, प्रावधानों वाले इस बिल को पास कर दिया है। अब आश्वस्त परीक्षा पद्धति की दिशा में जाने में एक महत्वपूर्ण काम पूर्ण हुआ है। काम आगे भी चलता रहेगा। हम ऐसी परिस्थितियों को लंबे समय तक नहीं चलने देंगे। इस विश्वास के साथ साथियों, आइए हम सब मिलकर के विकसित भारत के स्वप्न को पूर्ण करने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर के चलें। बहुत-बहुत धन्यवाद!”

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m