बंगाल में 23 तारीख को वोटिंग होनी है. लेकिन उससे पहले बीजेपी और TMC के बीच बयानों का दौर जारी है. बीजेपी की तरफ से पीएम मोदी ने खुद मोर्चा संभाला हुआ है. वे ताबड़तोड़ रैली के सहारे ममता सरकार पर लगातार निशान साध रहे हैं. इसी कड़ी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने टीएमसी पर निशाना साधते हुए कहा कि “मां, माटी, मानुष” जैसे नारों के सहारे पार्टी सत्ता में आई, लेकिन 15 साल के शासन में राज्य को कोई ठोस विकास मॉडल नहीं दे पाई.

उन्होंने सवाल उठाया कि इतने लंबे समय में आखिर क्या उपलब्धि रही, जिसे जनता के सामने रखा जा सके. उनके मुताबिक, टीएमसी अपने 15 साल के कार्यकाल की चर्चा इसलिए नहीं करती, क्योंकि इससे उसके झूठ, विश्वासघात और खराब नीतियों का खुलासा हो जाएगा. प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य में “सिंडिकेट राज” चल रहा है, जहां सरकार और सिंडिकेट एक ही हो गए हैं. उन्होंने कहा कि टीएमसी ने विकास की बजाय भ्रष्टाचार और दबाव की राजनीति को बढ़ावा दिया है.

“भय बनाम भरोसा” का चुनाव – पीएम मोदी

एक जनसभा को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल की राजनीति पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि इस बार का चुनाव “भय बनाम भरोसा” का चुनाव है-एक तरफ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का डर है और दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का भरोसा. उन्होंने जनता से कहा कि यह चुनाव बंगाल को भय से मुक्त कर विश्वास के रास्ते पर आगे बढ़ाने की लड़ाई है. प्रधानमंत्री ने दावा किया कि अब टीएमसी का “भय का राज” खत्म होने वाला है और झूठ व लूट की राजनीति बंद होने जा रही है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में बंगाल में डर नहीं, बल्कि विश्वास का माहौल होगा.

सरकार बनने पर श्वेत पत्र लाने का वादा

प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में उनकी रैलियों में जिस तरह का जनसमर्थन और भीड़ उमड़ रही है, वैसा अनुभव उन्होंने अपने गृह राज्य गुजरात में भी कभी नहीं देखा. उन्होंने कहा कि यह उत्साह आने वाले चुनावी परिणामों का संकेत है. पीएम मोदी ने कहा कि यदि राज्य में भाजपा सरकार बनती है, तो पिछले 15 वर्षों के शासनकाल में हुए कथित भ्रष्टाचार की जांच के लिए श्वेत पत्र जारी किया जाएगा. उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घिरी हुई है. इसके अलावा प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि भाजपा सरकार बनने पर राज्य में आयुष्मान भारत योजना को लागू करने का प्रस्ताव पहली कैबिनेट बैठक में पारित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि इससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा.

आज पीएम मोदी की बंगाल में तीन रैलियां

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को चुनावी राज्य पश्चिम बंगाल में तीन रैलियों को संबोधित करेंगे. मोदी पूर्व बर्धमान जिले के कटवा, मुस्लिम बहुल मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर और दक्षिण दिनाजपुर के कुशमंडी में रैलियां करेंगे. इन कार्यक्रमों का उद्देश्य मध्य और उत्तर बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए समर्थन को मजबूत करना है, जहां पार्टी अपनी पैठ और गहरी करने तथा सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को कड़ी चुनौती देने की कोशिश कर रही है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m