गुलशन कुमार ,नारनौल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज एवं राव तुलाराम अस्पताल, कोरियावास का विधिवत उद्घाटन करेंगे। दक्षिण हरियाणा की इस बहुप्रतीक्षित स्वास्थ्य परियोजना के लोकार्पण को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
मुख्य सचिव ने वीसी के जरिए ली तैयारियों की जानकारी
हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपायुक्त अनुपमा अंजली सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन गरिमामय और सुव्यवस्थित ढंग से किया जाए तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
डीसी और एसपी ने किया मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण
बैठक के बाद उपायुक्त अनुपमा अंजली और पुलिस अधीक्षक दीपक ने कोरियावास स्थित मेडिकल कॉलेज परिसर का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, यातायात नियंत्रण और तकनीकी प्रबंधों का निरीक्षण करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एलईडी स्क्रीन पर दिखेगा लाइव उद्घाटन समारोह
उपायुक्त ने बताया कि जींद में होने वाले मुख्य समारोह से जुड़ने के लिए कोरियावास मेडिकल कॉलेज परिसर में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यहां विशाल एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी, जिसके माध्यम से जिले के नागरिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जाने वाले वर्चुअल उद्घाटन और उनके साथ मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देख सकेंगे।
दक्षिण हरियाणा को मिलेगी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधा
मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. बिजेंद्र सिंह ने अधिकारियों को संस्थान में उपलब्ध कराई जा रही आधुनिक चिकित्सा एवं शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी दी। इस मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से महेंद्रगढ़ सहित दक्षिण हरियाणा के लोगों को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी तथा मेडिकल शिक्षा को भी नई मजबूती मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम अनिरुद्ध यादव, आरटीए मनोज कुमार, सीटीएम डॉ. मंगल सेन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

