PM Modi Ganpati Bappa Puja: गणेश चतुर्थी (Ganesh Chaturthi) के साथ ही 10 दिवसीय गणेश उत्सव शुरू हो गया है। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर पीएम नरेंद्र मोदी केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल (Piyush Goyal) के आवास पर पहुंचकर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने भगवान गणेश की आरती उतारी और देशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर इसकी जानकारी शेयर की। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी महाराष्ट्र सदन में गणपति दर्शन करने के बाद पीयूष गोयल के आवास पर पूजा की।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स अकाउंट पर गणपति पूजा की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा-केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल जी के आवास पर गणपति दर्शन के लिए गया। भगवान श्री गणेश सभी पर कृपा बनाए रखें।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी महाराष्ट्र की पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए। उन्होंने धोती-कुर्ता पहन रखा था और सिर पर महाराष्ट्र की पारंपरिक टोपी धारण की हुई थी। वहीं, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी एक्स पर प्रधानमंत्री के आगमन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि गणपति पूजन के अवसर पर प्रधानमंत्री का सान्निध्य मिलना उनके और उनके परिवार के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने प्रार्थना की कि विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश सभी के जीवन से कष्टों को दूर करें और देश को विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ने का आशीर्वाद दें।

इससे पहले भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन भी पीयूष गोयल के आवास पहुंचे। उन्होंने गणपति बप्पा के दर्शन कर पूजा-अर्चना में भाग लिया और देशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- इस त्योहार से जुड़ी भक्ति, आत्मीयता और एकजुटता की भावना वास्तव में विशेष है। भगवान गणेश सभी को ज्ञान, सुख, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य का आशीर्वाद दें।

पीएम मोदी ने एक्स पर लोगों को दी बधाई

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को गणेश चतुर्थी की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा- देशवासियों को गणेश चतुर्थी की अनंत शुभकामनाएं। विघ्नहर्ता के दर्शन और पूजन का यह पावन पर्व सबके जीवन में नई ऊर्जा और नए उत्साह का संचार करे। उनके दिव्य आशीर्वाद से सभी के प्रयास सफल हों और राष्ट्र निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे, यही कामना है। गणपति बाप्पा मोरया!

अमित शाह ने ‘लालबागचा राजा’ के दर्शन किए

वहीं, गृह मंत्री अमित शाह मुंबई में कई गणेश पंडालों में पहुंचे और गणपति बप्पा का आशीर्वाद लिया. गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि आज मुंबई के प्रसिद्ध ‘लालबागचा राजा’ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

इसके बाद गृह मंत्री महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के घर पहुंचे और गणपति बप्पा का आशीर्वाद प्राप्त किया।

‘इस्लाम सब धर्मों में श्रेष्ठ, सबको मस्जिद जाना चाहिए…’, कर्नाटक के शिक्षा मंत्री बसवराज रायरेड्डी का बयान, कहा- मक्का जाना चाहता हूं, BJP भड़की

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m