प्रदीप मालवीय, उज्जैन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केंद्र सरकार में 12 साल पूरे करने और देश के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाने पर बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में जश्न का माहौल रहा। इस खास मौके पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में विशेष पूजन-अर्चन और अनुष्ठान किया। 

इस भव्य आयोजन में क्षेत्रीय सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सदस्य बाल योगी उमेश नाथ महाराज, नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा और निगम अध्यक्ष कलावती यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता शामिल हुए। भाजपा सांसद अनिल फिरोजिया ने बताया कि महाकाल के दरबार में प्रधानमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु और यशस्वी जीवन के साथ-साथ देश की उन्नति और समृद्धि के लिए 108 जाप का विशेष आयोजन भी किया गया।

 विशेष बात यह रही कि पूजन के दौरान सभी कार्यकर्ताओं के हाथों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरें थीं। महाकाल मंदिर परिसर में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बनता था, जहां सभी ने एकजुट होकर प्रधानमंत्री मोदी के पक्ष में जमकर नारेबाजी की और भारत माता के जयकारे लगाए। नेताओं ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने सुशासन, सुरक्षा और डिजिटल क्रांति में नए आयाम छुए हैं, जिसका आभार जताने कार्यकर्ता बाबा महाकाल के दरबार पहुंचे थे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m