शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुए क्रूज हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया हैं। उन्होंने कहा कि नाव पलटने की घटना बहुत पीड़ादायक है। अपनों को खोने वाले सभी लोगों के लिए मेरी गहरी संवेदना है। वहीं पीएम ने मृतकों के परिजनों को PMNRF (प्रधानमंत्री राहत कोष) की ओर से 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये मुआजवा देने का ऐलान किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा- मध्य प्रदेश के जबलपुर में नाव पलटने से हुई जानमाल की हानि अत्यंत पीड़ादायक है। इस दुखद दुर्घटना में अपनों को खोने वाले सभी लोगों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है। मृतकों के परिजनों को पीएमएनआरएफ की ओर से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
ये भी पढ़ें: मरते-मरते भी नहीं छोड़ी ममता: सीने से लिपटी मिली मां और मासूम की लाश, क्रूज हादसे से आई दिल दहला देने वाली तस्वीर
ये है पूरा मामला
दरअसल, जबलपुर के बरगी डैम में गुरुवार 30 अप्रैल की शाम एक डबल डेकर क्रूज डूब गया। अचानक तेज हवा और आंधी चलने लगी, जिससे क्रूज डगमगाने लगा और देखते ही देखते पानी में समा गया। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। इसके पहले संभल पाते कि क्रूज सवार 30 से ज्यादा लोग एक-एक कर डूबने लगे। यह देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाने की कोशिश की।
ये भी पढ़ें: इंसानियत न जाति देखती न धर्म: 3 घंटे तक क्रूज में फंसा रहा अयाज, देवदूत बनकर पहुंचा ‘कन्हैया’
अब तक 9 लोगों के शव निकाले गए
घटना की सूचना मिलते ही एनडीईआरएफ, एसडीईआरएफ, आर्मी, गोताखोर और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। लापता सैलानियों की खोजबीन के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। अब तक 9 लोगों के शव बाहर निकाले जा चुके हैं। जिसमें 7 महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। वहीं 20 से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू कर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया है। जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल अन्य लापता सैलानियों की तलाश युद्ध स्तर पर जारी है।
ये भी पढ़ें: जबलपुर क्रूज हादसे में अब तक 9 शव बरामद: 22 लोगों की बची जान, दूसरे दिन भी रेस्क्यू जारी…
सीएम डॉ मोहन भी कर चुके हैं राहत राशि का ऐलान
एमपी के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि इस हादसे में जो जनहानि हुई है, वह अत्यंत पीड़ादायक है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। वहीं मृतकों के परिवारजनों को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।


