हरियाणा ने 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीन राष्ट्रीय पुरस्कार जीते हैं। यह सम्मान 4 जून को नई दिल्ली में दिया जाएगा।

कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना में हरियाणा ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। ऊर्जा मंत्री अनिल विज के नेतृत्व और लगातार मॉनिटरिंग के चलते राज्य को अब नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में तीन प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान 4 जून, 2026 को भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम “पीएम सूर्य घर के दो वर्ष : एक करोड़ छतों तक सौर ऊर्जा का विस्तार” के दौरान दिया जाएगा।

हरियाणा को मई 2026 में चलाए गए “मंथ ऑफ सोलर” अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर “पीएम सूर्य घर एक्सीलेंस अवार्ड” के लिए चुना गया है। राज्य को “सर्वाधिक उपभोक्ता आवेदन” श्रेणी में 17,142 आवेदन के साथ तीसरा स्थान, “सर्वाधिक सोलर इंस्टॉलेशन” श्रेणी में 11,983 स्थापना के साथ दूसरा स्थान तथा “सर्वाधिक डिस्कॉम निरीक्षण” श्रेणी में 12,514 निरीक्षण के साथ तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है।

यह उपलब्धि हरियाणा सरकार के नेतृत्व, ऊर्जा विभाग, हरियाणा अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के समन्वित प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है। ऊर्जा मंत्री अनिल विज द्वारा योजना की प्रगति को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगातार समीक्षा बैठकें की जाती रही हैं, जिससे योजना के क्रियान्वयन में तेजी आई।

उल्लेखनीय है कि फरवरी 2024 में शुरू की गई प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना का लक्ष्य मार्च 2027 तक देशभर में एक करोड़ घरों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित करना है। हरियाणा में अब तक 86,152 रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं, जबकि राज्य सरकार ने 31 मार्च 2027 तक 2.20 लाख इंस्टॉलेशन का लक्ष्य तय किया है। नई दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम में हरियाणा सरकार की ओर से अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल यह सम्मान प्राप्त करेंगे।