इंदर कुमार, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर से धोखाधड़ी का एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने बैंकिंग सिस्टम और सुरक्षा दावों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां सदर बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में 43 लाख रूपए के नकली सोने के जेवर गिरवी रखकर गोल्ड लोन पास करा लिया गया। इस फर्जीवाड़े का खुलासा तब हुआ जब लोन लेने वालों ने समय पर पैसा जमा नहीं किया और बैंक ने जेवरों की दोबारा जांच कराई। बैंक की शिकायत पर कैंट थाना पुलिस ने दो वैल्यूवर सहित 15 लोगों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है।

ये भी पढ़ें: MP में खत्म हुआ दो बच्चों वाला नियम: CM मोहन यादव के आदेश के बाद लाखों युवाओं को मिली बड़ी राहत

बैंक के वैल्यूवर ने ही रचा था पूरा फ्रॉड

मिली जानकारी के अनुसार इस पूरे घोटाले का मास्टरमाइंड बैंक में काम करने वाला वैल्यूवर और अभिनव ज्वेलर्स का संचालक राजीव सोनी है। राजीव सोनी ने बैंक के भरोसे का फायदा उठाते हुए कुल 13 नकली ग्राहक खड़े किए और उनके नाम पर बैंक में लोन की फाइलें लगवाईं। हैरान करने वाली बात यह है कि वैल्यूवर राजीव सोनी ने अपनी खुद की पत्नी के नकली जेवर भी बैंक में असली बताकर गिरवी रखवा दिए और लाखों रुपये का लोन डकार लिया।

दूसरे वैल्यूवर की जांच में भी हुई ‘सेटिंग’

नियमों के मुताबिक जब जेवरों की शुद्धता की जांच की बात आई तो दूसरे वैल्यूवर और ज्वेलर्स आशुतोष सराफ ने उन नकली जेवरों की जांच की थी। आरोप है कि दोनों वैल्यूवरों ने आपस में मिलीभगत कर नकली सोने को असली प्रमाणित कर दिया, जिससे बैंक के अधिकारी भी झांसे में आ गए और धड़ाधड़ लोन की राशि जारी कर दी गई।

लोन की किस्त नहीं पटने पर खुला राज

जब लंबे समय तक इन 13 खातों से लोन का पैसा बैंक में वापस जमा नहीं किया गया तो बैंक प्रबंधन को शक हुआ। लेनदारों को नोटिस भेजने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो बैंक ने गिरवी रखे सोने के लॉकर को खोलकर जेवरों की दोबारा जांच करवाई। जैसे ही नए विशेषज्ञों ने जेवर जांचे तो नकली थे।

ये भी पढ़ें: Rajya Sabha Election Controversy: मीनाक्षी नटराजन के नामांकन रद्द पर विरोध तेज, कांग्रेस आज भोपाल और दिल्ली में EC अधिकारियों से करेगी मुलाकात

पते निकले फर्जी, पुलिस कर रही तलाश

पंजाब नेशनल बैंक (PNB) प्रबंधन की शिकायत पर कैंट थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। बैंक के रिकॉर्ड में दर्ज पतों के आधार पर पुलिस की टीमें अब उन 13 नकली ग्राहकों और मुख्य आरोपियों की छानबीन कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और इस गिरोह के अन्य कड़ियों का भी पर्दाफाश होगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m