गुरुग्राम। गुरुग्राम के सेक्टर-56 में शुक्रवार शाम निर्माण कार्य के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई। भवन निर्माण के लिए की जा रही खुदाई में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे गैस का रिसाव शुरू हो गया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि, हरियाणा गैस एजेंसी और फायर ब्रिगेड की तत्परता से समय रहते गैस सप्लाई बंद कर दी गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब छह बजे अग्निशमन विभाग को सेक्टर-56 में गैस रिसाव की सूचना मिली। आग लगने की आशंका को देखते हुए फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। इस बीच हरियाणा गैस एजेंसी की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर सबसे पहले पाइपलाइन की सप्लाई बंद कराई और मरम्मत का कार्य शुरू किया। देर रात करीब 11 बजे तक पाइपलाइन को दुरुस्त करने का काम जारी रहा।
हजारों घरों में नहीं जल पाया चूल्हा
गैस सप्लाई बंद होने से सेक्टर-56 और आसपास के हजारों घरों में पीएनजी सेवा प्रभावित रही। कई परिवार रात का खाना नहीं बना सके। खासकर सोसायटियों में रहने वाले लोगों को अधिक परेशानी हुई, क्योंकि अधिकांश घरों में पीएनजी कनेक्शन के बाद एलपीजी सिलेंडर रखना बंद कर दिया गया है।
खोदाई में बरती गई लापरवाही पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण एजेंसियों को भूमिगत गैस पाइपलाइन की जानकारी पहले से होती है। इसके बावजूद बिना आवश्यक सावधानी बरते खुदाई किए जाने से यह हादसा हुआ। लोगों ने जिम्मेदार एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल गैस एजेंसी की टीम पाइपलाइन की मरम्मत और गैस आपूर्ति पूरी तरह बहाल करने में जुटी हुई है। समय रहते सप्लाई बंद होने से आगजनी जैसी कोई बड़ी घटना नहीं हुई, लेकिन इस लापरवाही ने एक बार फिर निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

