अनिल शर्मा ,बराड़ा। बराड़ा की करनाल कॉलोनी में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला से लूटपाट और स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। सीआईए नारायणगढ़ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जबकि गिरोह का कथित मास्टरमाइंड मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, बीती रात बराड़ा फ्लाईओवर के पास बदमाशों और पुलिस के बीच आमना-सामना हो गया। गुप्त सूचना मिली थी कि करनाल कॉलोनी में बुजुर्ग महिला के साथ लूट की वारदात करने वाले आरोपी क्षेत्र में घूम रहे हैं और किसी नई घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी।

पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी

घेराबंदी के दौरान खुद को घिरा देख आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने हथियारों के जरिए हमला करने की कोशिश की, लेकिन उनके तमंचों से गोली नहीं चल सकी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी और वे घायल होकर गिर पड़े। मौके से दो देशी तमंचे भी बरामद किए गए।

यूपी के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी उधम सिंह (28) और रितिक (19) के रूप में हुई है। वहीं, वारदात का कथित मास्टरमाइंड दिलीप सिंह अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

28 मई को बुजुर्ग महिला को बनाया था निशाना

गौरतलब है कि 28 मई की शाम करनाल कॉलोनी निवासी विद्या देवी (70) अपने घर के पोर्च में बैठी थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन नकाबपोश युवक घर में घुस आए। बदमाशों ने महिला के कानों से सोने की बालियां और हाथ की अंगूठी छीन ली। जब चूड़ियां उतारने में नाकाम रहे तो उन्होंने पिस्तौल की बट से हमला कर महिला को घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए।

फरार आरोपी की तलाश जारी

इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की थी। अब दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस फरार मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।