Bihar Police Encounter: बिहार में अपराधियों के खिलाफ प्रशासन द्वारा ताबड़तोड़ एनकाउंटर एक्शन जारी है। ताजा मामला राजधानी पटना के मसौढ़ी से सामने आया है, जहां ऑपरेशन लंगड़ा के तहत जिला पुलिस और बिहार एसटीएफ की टीम ने संयुक्त ऑपरेशन चलाते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान इलाके में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल कायम रहा।

सोना कारोबारियों के यहां कर रहे थे रेकी

दरअसल पुलिस को इस बात की सूचना मिली थी की कुछ अपराधी मसौढ़ी इलाके में बीते कुछ दिनों से सोना कारोबारियों के यहां रेकी कर रहे हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में हैं, जिसके बाद पुलिस ने एसटीएफ के साथ जाल बिछाते हुए रेकी कर रहे अपराधियों को घेर लिया। इस दौरान पुलिस से खुद को घिरता देख अपराधियों ने भागने के प्रयास में पुलिस पर फायरिंग करना शुरू कर दिया।

कुख्यात अजय पासवान को पैर में लगी गोली

बदले में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घायल अजय पासवान को दौड़ा कर गोली मारी। पैर में गोली लगने से वह वहीं पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही पुलिस ने उसके साथी अजय यादव को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घायल अजय पासवान को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पुलिस की अभिरक्षा में उसका इलाज चल रहा है। वहीं, अजय यादव को थाने ले जाकर उससे पूछताछ की जा रही है।

अजय यादव के खिलाफ 20 से अधिक मुकदमे दर्ज

मुठभेड़ में घायल हुए अजय पासवान के खिलाफ कुल 16 मामले दर्ज थे, जिनमें वह फरार चल रहा था। वहीं, गिरफ्तार अजय यादव के खिलाफ भी 20 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ बिहार और झारखंड में बैंक लूट, ज्वेलरी शॉप डकैती और हत्या जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। मिली जानकारी के अनुसार अजय पासवान का नाम जक्कनपुर इलाके में हुए 24 लाख के लूटकांड में भी सामने आया था। वहीं, हाल ही में गोपालपुर थाना क्षेत्र में हुई कैश वैन लूट की साजिश में भी इसकी अहम भूमिका सामने आ रही है।

नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही वे इनके गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उनके अन्य साथियों की भी गिरफ्तारी कर लेंगे। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है।

ये भी पढ़ें- बिहार में SIR पर SC की मुहर, CJI ने प्रक्रिया को बताया पूरी तरह से वैध, राजद का भी बयान आया सामने