Bihar News: पटना पुलिस ने राजभवन मार्च के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को हिरासत में लिया है। पुलिस उन्हें सचिवालय पुलिस स्टेशन लेकर पहुंची है। तेजस्वी के अलावा थाने में सुधाकर सिंह, मीसा भारती समेत कई नेता मौजूद हैं। इस दौरान थाना परिसर में मीडिया और राजद कार्यकर्ताओं का भारी भीड़ मौजूद रहा। फिलहाल तेजस्वी को थाने में बैठाया गया है। गौरतलब है कि आज राज भवन मार्च के दौरान पुलिस ने तेजस्वी समेत राजद के कई नेताओं को इनकम टैक्स चौराहे के पास से हिरासत में लिया था।

राजभवन मार्च पर आईजी जितेंद्र राणा का बयान

राजद के राजभवन मार्च पर आईजी पटना जितेंद्र राणा की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। जितेंद्र राणा ने कहा कि, राजभवन मार्च का कार्यक्रम था, जो गांधी मैदान से शुरू हुआ था, यहां IT गोलंबर पर आकर मार्च समाप्त हो गया है। राजद के प्रतिनिधिमंडल को लोकभवन से समय मिला है और वे मिलने जाएंगे। जो भी मांगे हैं, उनको वहां रखेंगे। जिन लोगों को हिरासत में लिया गया था, उनमें से कुछ लोग लोकभवन के लिए जा चुके हैं। पुलिस ने बल प्रयोग नहीं किया है। भीड़ पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया है।

सरकार को झुकना ही पड़ेगा- तेजस्वी

हिरासत में लिए जाने के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि, जनता हमारे साथ है और जनता जब हमारे साथ है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार को हमारी मांग को सुनना होगा और निराकरण करना होगा। वहीं, वाटर कैनन के इस्तेमाल पर RJD नेता ने कहा, यह सब सम्राट चौधरी के आदेश पर हुआ है… इससे (वाटर कैनन) कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। जनता जाग चुकी है और सड़कों पर है। अब सरकार को झुकना ही पड़ेगा। ऐसे काम नहीं चलेगा।

ये भी पढ़ें- विधायक बनते ही एक्शन में प्रशांत किशोर, बांकीपुर की 3 समस्याओं को लेकर DGP से की मुलाकात