कुंदन कुमार, पटना। बांकीपुर से नवनिर्वाचित विधायक प्रशांत किशोर ने कल मंगलवार को बिहार के डीजीपी विनय कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने डीजीपी के सामने बांकीपुर में ट्रैफिक की समस्या, सूखे नशे से निजात और सड़क पर दुकान लगाने वाले वेंडर्स से किसी भी तरह की कोई अवैध वसूली न हो…इन प्रमुख मुद्दों को उठाया। मुलाकात के बाद पीके ने कहा कि, डीजीपी से उनकी मुलाकात अच्छी रही, उन्होंने इन सभी मुद्दों पर यथासंभव करार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
प्रशांत किशोर ने यह भी कहा कि, वह सरकार से मिलकर जल्द ही एक बहु विभागीय बैठक और वर्कशॉप करेंगे। अगले 2-3 साल में पूरे पटना शहर की ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर की जाएगी।
पटना की ट्रैफिक व्यवस्था ठीक करनी होगी- पीके
प्रशांत किशोर ने कहा कि बांकीपुर इलाके में कई अनरेगुलेटेड वेंडिंग सेंटर चल रहे हैं। यहां दुकानदारों से पुलिसकर्मियों द्वारा पैसे लिए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इस मामले को लेकर डीजीपी से भी बातचीत हुई है। इसके साथ ही पीके ने सूखे नशे पर रोक लगाने के लिए भी प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
प्रशांत किशोर ने कहा कि पटना की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ठोस प्लान तैयार करना होगा। उन्होंने बताया कि देशभर की ऐसी एजेंसियों और संस्थाओं को एक साथ लाकर बैठक कराने पर सहमति बनी है, जो अभी बिहार में काम कर रही हैं या भविष्य में यहां काम कर सकती हैं। उनका कहना है कि सभी के सुझावों के आधार पर पटना की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के लिए बेहतर योजना तैयार की जाएगी।
सोमवार को ली थी विधायक पद की शपथ
गौरतलब है कि प्रशांत किशोर ने बीते सोमवार (17, अगस्त) को विधानसभा में विधायक पद की शपथ ली थी। विधानसभा स्पीकर प्रेम कुमार ने उन्हें अपने चैंबर में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई थी। पीके ने हालही में हुए बांकीपुर उपचुनाव में जीत हासिल की थी। उन्होंने बीजेपी के नीरज सिन्हा को हराया था।
प्रशांत किशोर ने बांकीपुर उपचुनाव में जीत हासिल करने के बाद अपने विधानसभा क्षेत्र बांकीपुर को आदर्श विधानसभा बनाने का वादा किया था। इसके साथ ही उन्होंने अपने क्षेत्र के 10 हजार बेरोजगार युवाओं को प्राइवेट नौकरी दिलाने और निजी स्कूलों की फीस कम कराने पर का भी ऐलान किया है।
ये भी पढ़ें- ‘RJD का कोई वजूद नहीं’, राजभवन मार्च के बीच दिलीप जायसवाल ने तेजस्वी के नेतृत्व पर उठाया सवाल


