० पुलिस पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में मारा गया; तीन पुलिसकर्मी भी हुए घायल

झज्जर। हरियाणा के झज्जर जिले में शनिवार को पुलिस और एक कुख्यात बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में तीन हत्याओं के आरोपी गैंगस्टर संजय को पुलिस ने मार गिराया। कड़ौदा गांव के पास रणखंडा रोड पर हुई इस कार्रवाई के दौरान दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिरधाना गांव निवासी और कई संगीन मामलों में वांछित संजय किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में रणखंडा रोड के आसपास घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने पुलिस टीम पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

तीन पुलिसकर्मी घायल, बुलेटप्रूफ जैकेट बनी ढाल

मुठभेड़ के दौरान एक सब-इंस्पेक्टर संयम के बाजू में गोली लगने से वह घायल हो गए। वहीं दो अन्य पुलिसकर्मियों पर भी बदमाश ने सीधे फायर किए, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण उनकी जान बच गई। सभी घायलों का उपचार जारी है।

पत्नी समेत तीन हत्याओं का आरोपी था संजय

पुलिस के अनुसार, संजय लंबे समय से फरार चल रहा था और अपनी पत्नी की हत्या सहित तीन हत्या मामलों में वांछित था। हाल ही में उसने दुजाना गांव निवासी विजय सैनी की हत्या की थी। इसके अलावा विजय सैनी के बेटे की हत्या के मामले में भी उसका नाम सामने आया था।

मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री, डीसीपी धारणा यादव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने आरोपी के पास से हथियार बरामद किए हैं और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है।