पलवल। हरियाणा के पलवल जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद अंतरराज्यीय अपराधी गिरोह के चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उनकी साजिश नाकाम हो गई। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली लगने से एक पुलिसकर्मी घायल हो गया।

पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के निर्देशन में एवीटी स्टाफ हथीन की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश के इटावा से एक बलेनो कार में सवार हथियारबंद बदमाश पलवल की ओर आ रहे हैं। सूचना के अनुसार आरोपी पलवल या केएमपी मार्ग पर अपने साथियों से मिलकर हत्या, लूट या डकैती जैसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।

पुलिस ने बिछाया जाल, शुरू हुआ पीछा

सूचना मिलते ही पुलिस ने विशेष टीम गठित कर केएमपी मार्ग के पास नाकाबंदी कर दी। संदिग्ध बलेनो कार दिखाई देने पर पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश वाहन लेकर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया और मुंडकटी चौक के पास घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।

पुलिस पर की फायरिंग

कार रुकने के बाद जब पुलिसकर्मी जांच के लिए आगे बढ़े, तो एक बदमाश ने अचानक पुलिस टीम पर गोली चला दी। गोली एक सिपाही के बाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बावजूद पुलिस टीम ने साहस दिखाते हुए बदमाशों को काबू कर लिया।

भारी मात्रा में हथियार बरामद

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से राइफलनुमा 12 बोर हथियार, .315 बोर का कट्टा, पिस्टल, बड़ी संख्या में कारतूस और उत्तर प्रदेश नंबर की बलेनो कार बरामद की गई है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और उनके नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

बड़ी वारदात टली

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम दे सकते थे। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।

पलवल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।