० दिल्ली-चंडीगढ़ हाईवे पर पुलिस पर की फायरिंग, बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई जवान की जान; हत्या की साजिश का खुलासा
करनाल। हरियाणा के करनाल जिले में दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर तरावड़ी के पास गुरुवार को सीआईए-1 टीम और एक कुख्यात बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान परमीत के रूप में हुई है, जो पानीपत जिले के एक गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस पर की फायरिंग, बुलेटप्रूफ जैकेट बनी ढाल
डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि सीआईए-1 को सूचना मिली थी कि आरोपी तरावड़ी क्षेत्र में मौजूद है। पुलिस ने जब उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान एक पुलिस जवान की छाती पर गोली लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण उसकी जान बच गई।पुलिस ने तत्काल जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी को पैर में गोली मारकर काबू कर लिया।
पिस्टल और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परमीत के खिलाफ फिरौती, पुलिस मुठभेड़ समेत करीब पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह हाल ही में जेल से बाहर आया था और एक सक्रिय आपराधिक गिरोह से जुड़ा हुआ है।
दो हत्याओं की रच रहा था साजिश
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर कलानौर और फिरोजपुर में दो हत्या की वारदातों को अंजाम देने की योजना बना रहा था।
पहले भी पकड़े जा चुके हैं गिरोह के सदस्य
कुछ दिन पहले सीआईए-1 ने इसी गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने गिरोह को हथियार सप्लाई करने वाले आरोपी को भी दबोचा था। उस कार्रवाई में आठ पिस्टल और 30 जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही डीएसपी राजीव कुमार, एफएसएल टीम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच तेज कर दी है।

