संजय कुमार ,जींद। Haryana Police की डिटेक्टिव स्टाफ टीम ने मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। कार्रवाई के दौरान बदमाशों और पुलिस के बीच जमकर फायरिंग हुई, जिसमें एक पुलिसकर्मी बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से बाल-बाल बच गया।

मामले की जानकारी देते हुए Rishabh Sodhi ने बताया कि शनिवार को सूचना मिली थी कि तीन युवक अवैध हथियारों के साथ ईक्कस बाईपास नहर पटरी के पास खेतों में बैठे हैं और किसी वारदात की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही डिटेक्टिव स्टाफ की टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान सहायक उपनिरीक्षक समरजीत की बुलेटप्रूफ जैकेट पर दो गोलियां लगीं, जबकि एक गोली पुलिस वाहन में जा लगी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों को पैर में गोली लगी, जबकि तीसरा आरोपी घायल हो गया।

घायल बदमाशों की पहचान भगत निवासी किलोई, अक्षय निवासी ढिगाना और अंकित निवासी करेला के रूप में हुई है। तीनों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल जींद में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने पांच राउंड फायर किए, जबकि पुलिस की ओर से सात राउंड फायरिंग की गई। आरोपियों के कब्जे से एक 32 बोर देसी पिस्तौल और एक विदेशी पिस्तौल बरामद की गई है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अक्षय पर 14, भगत पर 8 और अंकित पर 3 आपराधिक मामले विभिन्न थानों में पहले से दर्ज हैं।