सोनीपत। जिले के गांव खुबडू के पास सोमवार सुबह पुलिस और कुख्यात गैंगस्टर गोपाल के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी मारा गया। संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोपाल ढेर हो गया, जबकि एक हवलदार गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, सोनीपत क्राइम ब्रांच और गन्नौर सीआईए की टीम को सूचना मिली थी कि गांव अटायल निवासी गैंगस्टर गोपाल क्षेत्र में घूम रहा है और एक ग्रामीण की हत्या की साजिश रच रहा है। सूचना के आधार पर सोमवार सुबह करीब छह बजे पुलिस टीमों ने गांव खुबडू के खेतों में उसकी घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही शुरू कर दी फायरिंग
खुद को घिरा देख गोपाल ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस दौरान सीआईए-1 के हवलदार देवेंद्र के हाथ में गोली लग गई। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें गोपाल गंभीर रूप से घायल हो गया।घायल आरोपी को तत्काल खानपुर स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल हवलदार देवेंद्र का उपचार जारी है।
हत्या समेत 25 से अधिक मामले दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गोपाल हत्या के दो मामलों में उम्रकैद की सजा काट रहा था। वह मार्च 2026 में पैरोल पर जेल से बाहर आया था, लेकिन 30 मई को वापस जेल में आत्मसमर्पण करने के बजाय फरार हो गया था।गोपाल पर हत्या, हत्या के प्रयास, दुष्कर्म और अन्य गंभीर अपराधों सहित करीब 25 आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस के अनुसार, पैरोल पर बाहर आने के बाद उसने सोनीपत और पानीपत क्षेत्र में कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया था।

पुलिस आयुक्त ने लिया घटनास्थल का जायजा
मुठभेड़ के बाद पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर घायल हवलदार देवेंद्र का हालचाल जाना। उन्होंने अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली और कहा कि पुलिस की सतर्कता व त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ी वारदात को टालने में सफलता मिली है।
फिलहाल गैंगस्टर गोपाल के शव को पोस्टमार्टम के लिए खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। पुलिस मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं की नियमानुसार जांच कर रही है।

