संजीव, सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत शहर में अपराध और चोरी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इसमें शहर के बड़े व्यापारी, सर्राफा कारोबारी और पेट्रोल पंप संचालक शामिल हुए। इस दौरान बाजार की सुरक्षा और व्यापारियों के बचाव को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।
सुरक्षा के लिए जारी किए गए 8 कड़े नियम
पुलिस उपायुक्त नरेंद्र कादयान ने बताया कि रात के समय चोरी और संपत्ति से जुड़े अपराधों को रोकने के लिए व्यापारियों को सतर्क रहना होगा। उन्होंने कहा कि हर 50 से 60 दुकानों पर कम से कम 1 चौकीदार तैनात किया जाएगा। इसके अलावा सभी दुकानों के मुख्य रास्तों पर अच्छी गुणवत्ता वाले कैमरे और सुरक्षा अलार्म लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
धमकी और रंगदारी की कॉल पर न हों परेशान
बैठक में पुलिस ने साफ किया कि यदि किसी व्यापारी को फिरौती या धमकी भरा फोन आता है तो घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसे मामलों में बिना देरी किए तुरंत पुलिस को सूचना दें। साथ ही पुलिस ने सभी दुकानदारों और उनके कर्मचारियों को अपने मोबाइल फोन में अभेद्य नाम का सुरक्षा एप चलाने की सलाह दी है।
संदिग्धों और कबाड़ियों पर रखी जाएगी नजर
पुलिस ने सभी थाना प्रभारियों को रात की गश्त बढ़ाने का आदेश दिया है। इलाके के नशा करने वाले लोगों, पुराने अपराधियों और कबाड़ का काम करने वालों की नियमित जांच की जाएगी। अधिकारियों ने भरोसा दिया है कि सोनीपत पुलिस व्यापारियों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


