कुंदन कुमार, पटना। बिहार दारोगा भर्ती की मुख्य परीक्षा रद्द करने को लेकर विरोध कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया है। अभ्यर्थी सरकार और बीपीएसएससी से अपने फैसले पर विचार करने और भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की मांग करते हुए जेपी गोलबंर के पास जमा हुआ। इस दौरान छात्र पुलिस द्वारा लगाई गई बैरिकेडिंग को तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और उनके बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिसके बाद पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने के लिए अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज कर दिया।

आज सोमवार को राजधानी पटना की सड़कों पर संख्या में उतरे अभ्यर्थियों ने दरोगा भर्ती की परीक्षा को रद्द करने के फैसले का विरोध करते हुए सरकार और बीपीएसएससी से भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थी गांधी मैदान से लोक सेवक आवास तक मार्च करना चाह रहे हैं। हालांकि अभ्यर्थियों के प्रदर्शन को देखते हुए जगह-जगह पर सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया है कि वे परीक्षा रद्द किए जाने के फैसले को लेकर अपना विरोध जारी रखेंगे और सरकार तथा आयोग से जल्द स्पष्ट निर्णय की मांग करेंगे।

बिहार पुलिस में 1799 दारोगा की बहाली को लेकर बीपीएसएससी ने 27 मई 2026 को मुख्य लिखित परीक्षा कराई थी। बाद में परीक्षा में धांधली का मामला सामने आया और इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया, जिसके बाद आयोग ने जांच की और जांच के बाद 23 सितंबर को दरोगा भर्ती की मुख्य लिखित परीक्षा को रद्द कर दिया। साथ ही नई परीक्षा के लिए बाद में तारीख घोषित करने की बात कही।

वहीं, अब जिन अभ्यर्थियों ने दरोगा भर्ती की मुख्य लिखित परीक्षा पास कर ली थी, वे सरकार और आयोग के इस फैसले का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि मुख्य परीक्षा पास करने के बाद वे इसके अगले चरण शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) की तैयारी कर रहे थे। लेकिन इस बीच मुख्य लिखित परीक्षा को ही रद्द कर दिया गया, जिससे उनकी सारी महेनत पर पानी फिर गया और भर्ती प्रक्रिया को लेकर भी उनमें अनिश्चितता पैदा हो गई है।

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा रद्द करने के फैसले पर दोबारा विचार करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि सफल अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में आगे बढ़ने का मौका दिया जाए। इसके अलावा अभ्यर्थियों ने PET की तारीख जल्द घोषित करने और पूरी भर्ती प्रक्रिया तय समयसीमा के भीतर पूरा करने की मांग की है।

ये भी पढ़ें- ‘बिहार की जनता को बुर्बक बना रहे हैं डिप्टी CM’, बाढ़ को लेकर विजय चौधरी पर पप्पू यादव का तीखा हमला