शब्बीर अहमद, भोपाल। MP Police Leave Ban: मध्य प्रदेश में आगामी त्योहारों के सीजन को देखते हुए पुलिस विभाग में छुट्टियों पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए DGP कैलाश मकवाना ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।

11 से 25 अक्टूबर तक छुट्टी पर बैन

DGP के जारी आदेश के अनुसार, दुर्गोत्सव और दशहरा जैसे धार्मिक त्यौहारों को देखते हुए प्रदेश के सभी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की छुट्टियों पर 11 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक रोक रहेगी। त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने और संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।

आपात स्थिति में लेनी होगी विशेष स्वीकृति

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विशेष या आपातकालीन परिस्थितियों में ही पुलिसकर्मियों को अवकाश दिया जाएगा। निचले स्तर के पुलिसकर्मियों को विशेष परिस्थिति में छुट्टी के लिए संबंधित जिले के SP से स्वीकृति लेनी होगी। वहीं वरिष्ठ स्तर के अधिकारियों को अवकाश के लिए सीधे DGP का अनुमोदन प्राप्त करना अनिवार्य होगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m