रांची। JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच के एक्स (X) हैंडल की रांची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। साइबर थाना ने एक्स कॉर्प के लीगल सेल को नोटिस भेजकर हैंडल संचालित करने वाले यूजर की पहचान और अकाउंट से जुड़ी विस्तृत जानकारी मांगी है। पुलिस का आरोप है कि इस हैंडल से राज्य सरकार के खिलाफ कथित तौर पर झूठी, भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित की जा रही थीं।
पुलिस के मुताबिक, हैंडल से लगातार ऐसी पोस्ट साझा की गईं, जिनसे सरकार की छवि धूमिल करने और सार्वजनिक शांति प्रभावित करने का प्रयास किया गया। मामले में कोतवाली थाना में कांड संख्या 183/2026 दर्ज किया गया है।
X कॉर्प से मांगी यूजर की पूरी जानकारी
साइबर थाना की ओर से भेजे गए नोटिस में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 94 और आईटी एक्ट की धारा 69 का हवाला दिया गया है। प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 353, 196 और 356 समेत आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस ने एक्स कॉर्प से अकाउंट संचालक का नाम, पता, मोबाइल नंबर, वैकल्पिक ई-मेल आईडी, आईपी एड्रेस, आईएमईआई नंबर सहित अन्य संबंधित जानकारी मांगी है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट की भी जांच की जा रही है। एक्स से जानकारी मिलने के बाद अकाउंट संचालक की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की लोगों से अपील- अफवाहों पर भरोसा न करें
रांची पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली खबरों, वीडियो और संदेशों पर बिना सत्यापन के भरोसा नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध या भड़काऊ सामग्री को आगे शेयर करने के बजाय इसकी सूचना पुलिस या प्रशासन को दें।
पुलिस के अनुसार, कुछ असामाजिक तत्व कथित तौर पर झूठी और भ्रामक सूचनाओं के जरिए लोगों को उकसाने तथा समाज में तनाव और वैमनस्य पैदा करने का प्रयास कर सकते हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और केवल सत्यापित जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।

