० सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों के साथ बनाए गए वीडियो वायरल, एसपी बोले- शिकायत मिली तो होगी सख्त कार्रवाई
जींद। हरियाणवी गायक मासूम शर्मा एक नए विवाद में घिर गए हैं। आरोप है कि जान का खतरा बताकर मिली पुलिस सुरक्षा का इस्तेमाल सुरक्षा के बजाय सोशल मीडिया पर गैंगस्टर थीम वाली रीलें बनाने और दबदबा दिखाने के लिए किया जा रहा है। पुलिसकर्मियों के साथ बनाए गए कथित वीडियो वायरल होने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है, जबकि पुलिस ने शिकायत मिलने पर जांच और कार्रवाई की बात कही है।
जानकारी के मुताबिक, मासूम शर्मा और उनकी टीम के सदस्य पुलिस सुरक्षा के दौरान इंस्टाग्राम पर पुलिसकर्मियों के साथ गैंगस्टर थीम और बदमाशी वाले गानों पर रीलें बनाकर पोस्ट कर रहे हैं। इन वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे हैं कि क्या सरकारी सुरक्षा का इस तरह प्रचार और व्यक्तिगत ब्रांडिंग के लिए उपयोग किया जा सकता है।
पुलिस की छवि पर उठ रहे सवाल
बताया जा रहा है कि टीम के सदस्य विकास रजाना के इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी कई ऐसी रीलें मौजूद हैं, जिनमें पुलिस सुरक्षा के बीच पूरी टीम गैंगस्टर स्टाइल में वीडियो शूट करती दिखाई देती है। आलोचकों का कहना है कि ऐसे वीडियो युवाओं में गलत संदेश देते हैं और पुलिस की छवि पर भी सवाल खड़े करते हैं।
गौरतलब है कि मासूम शर्मा ने पहले जान से मारने की धमकियों का हवाला देते हुए पुलिस सुरक्षा की मांग की थी। अब उसी सुरक्षा के कथित दुरुपयोग के आरोपों ने नया विवाद खड़ा कर दिया है।
जानें पुलिस अधीक्षक ने क्या कहा
मामले पर जींद के पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने कहा कि फिलहाल ऐसा कोई मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में यह सामने आता है कि पुलिस सुरक्षा का इस्तेमाल रील बनाने, हथियारों के प्रदर्शन या किसी अन्य अनुचित गतिविधि के लिए किया गया है, तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है और अब सभी की नजर पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी है।

