पुणे पुलिस ने शनिवार की देर रात आलंदी-तुलापूर रोड पर स्थित एक आलीशान बंगले में चल रही हाई-प्रोफाइल रेव पार्टी का भंडाफोड़ किया है. देर रात हुई इस बड़ी छापेमारी में पुलिस ने मौके से 156 लोगों को हिरासत में लिया है और लाखों रुपये की शराब और ड्रग्स जब्त की है. पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए 156 लोगों में 107 पुरुष और 49 महिलाएं शामिल हैं.

रेड पड़ते ही मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि बंगले में देर रात तक तेज गाने, शराब और अन्य प्रतिबंधित गतिविधियों के साथ एक हाई-प्रोफाइल पार्टी आयोजित की गई है. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने बंगले को चारों तरफ से घेर लिया और छापेमारी की. पुलिस की कार्रवाई से पार्टी में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. कुछ लोगों ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें दबोच लिया.

परमिट की अवधि खत्म होते ही टपकी पुलिस

शुरुआती जांच में ये भी सामने आया है कि पार्टी के लिए आयोजकों को जो लिकर परमिट (शराब परोसने की अनुमति) मिला था, वह 6 जून 2026 की रात 11:30 बजे तक ही वैध था. समय अवधि ख़त्म होने के बावजूद कार्यक्रम को आगे जारी रखा गया था. पुलिस ने छापेमारी के दौरान करीब 3 ग्राम गांजा भी बरामद किया है. इसके अलावा तीन हुक्का पॉट और 10 प्रतिबंधित हुक्का फ्लेवर भी जब्त किए गए हैं.

करीब 10 लाख की शराब जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बंगले के अंदर से भारी मात्रा में शराब भी बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 9.22 लाख रुपये आंकी गई है. पुलिस के मुताबिक इस छापेमारी में जब्त की गई सभी सामग्रियों की कुल कीमत लगभग 85 लाख रुपये है. जांच अधिकारी ने बरामद संदिग्ध मादक पदार्थ, शराब और अन्य हुक्का सामग्री को जांच के लिए प्रयोगशाला (लैब) भेज दिया है.

पुलिस की पड़ताल में एक और अहम खुलासा हुआ है कि इस कथित रेव पार्टी में शामिल लोगों में तीन व्यक्ति ऐसे थे, जिनकी उम्र 21 वर्ष से कम थी. ऐसे में कानून के उल्लंघन और इतनी कम उम्र के युवाओं या नाबालिगों की इस संदिग्ध प्रोफाइल वाले कार्यक्रम में मौजूदगी को लेकर पुलिस अब बेहद गंभीरता से एक अलग कोण से जांच कर रही है.

इनपर लगा पार्टी होस्ट करने का आरोप

मामले की जांच में ब्लेज एंटरटेनमेंट के आयमन शेख और स्टार लाइट एंटरटेनमेंट के यश चौधरी को इस पूरे आयोजन के मुख्य सूत्रधार और प्रमुख आयोजकों के तौर पर चिन्हित किया गया है. इसके अलावा पुलिस इस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने के लिए पार्टी के आयोजन से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े अन्य संदिग्ध लोगों की भूमिका को भी टटोल रही है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m