फतेहाबाद। शहर के गुरुनानकपुरा इलाके में पुलिस ने एक ऐसे मकान का भंडाफोड़ किया है, जिसे कथित तौर पर ‘चिट्टा सेंटर’ बना दिया गया था। यहां आने वाले युवकों से 200 से 500 रुपये लेकर हेरोइन (चिट्टा) उपलब्ध कराई जाती थी और उसी कमरे में बैठाकर नशा कराया जाता था। शुक्रवार रात थाना शहर पुलिस की रेड में इस पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।

पुलिस ने मौके से 15 युवकों, एक महिला और एक नाबालिग को काबू किया। तलाशी के दौरान 5.64 ग्राम हेरोइन, 25 लाइटर, 18 सिल्वर फॉयल और करेंसी नोटों से बनाई गई 15 पाइपें बरामद हुईं, जिनका इस्तेमाल नशा करने में किया जाता था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मकान पर आने वाले लोगों से 200 से 500 रुपये तक वसूले जाते थे। इसके बाद उन्हें चिट्टा उपलब्ध कराया जाता और उसी कमरे में बैठाकर नशा कराया जाता था। पुलिस के अनुसार यह स्थान काफी समय से कथित तौर पर नशे के अड्डे के रूप में संचालित किया जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान पुलिस के पहुंचते ही कमरे में अफरा-तफरी मच गई और मौजूद लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को मौके पर ही पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोनू, हरविंद्र, प्रेम, गुरनाम चंद, राहुल, आकाश, सागर, राकेश, हरप्रीत सिंह, छिंदा, सलीम उर्फ लखनलाल, उग्रसेन, कुलदीप गोदारा, अमित, प्रमोद और जसबीर कौर उर्फ किन्द्री के रूप में हुई है। वहीं, एक नाबालिग को किशोर न्याय अधिनियम के तहत मामले में शामिल किया गया है।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। गुरुनानकपुरा में पिछले करीब डेढ़ वर्ष से पुलिस की विशेष तैनाती होने के बावजूद एक मकान में कथित तौर पर खुलेआम चिट्टा बेचा और युवाओं को नशा कराया जाता रहा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m