रांची। रातू थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित सिमलिया में बुधवार देर रात पुलिस ने जलसा रेस्टोरेंट में छापेमारी कर कथित अवैध रूप से शराब परोसने का मामला पकड़ा। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रेस्टोरेंट संचालक समेत पांच युवकों को गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि रातू थाना पुलिस बुधवार रात क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि जलसा रेस्टोरेंट में देर रात तक शराब की बिक्री और सेवन कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम ने करीब 11:15 बजे रेस्टोरेंट में दबिश दी।
रेस्टोरेंट में चल रहा था कथित बार
पुलिस के अनुसार, रेस्टोरेंट में सामान्य भोजनालय की आड़ में बिना वैध बार लाइसेंस के शराब परोसे जाने की बात सामने आई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने शराब की बोतलें बरामद कीं। इसके अलावा तेज आवाज में बजाया जा रहा साउंड सिस्टम भी जब्त किया गया।
संचालक समेत पांच गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रेस्टोरेंट संचालक समेत पांच युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की बिक्री और परोसने का यह सिलसिला कब से चल रहा था और इसके लिए आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं।फिलहाल पुलिस ने जब्त सामान को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

