टंडवा। चतरा के टंडवा थाना क्षेत्र के सिदपा गांव में पुलिस टीम पर हुए पथराव के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डहु पंचायत के पूर्व मुखिया समेत दो नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को डीएसपी प्रभात रंजन बरवार ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी।
युवक-युवती को घर में बंद करने की मिली थी सूचना
डीएसपी के मुताबिक, 8 सितंबर की शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्रामीणों ने एक युवक और युवती को गांव के एक घर में बंद कर रखा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सिदपा गांव पहुंची और दोनों को सुरक्षित बाहर निकालकर अपने साथ ले जाने लगी।इसी दौरान ग्रामीणों की ओर से पुलिस टीम का विरोध शुरू हो गया और देखते ही देखते जवानों पर पथराव किया गया।
पथराव में थाना प्रभारी समेत 5 पुलिसकर्मी घायल
हमले में टंडवा थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा, चतरा सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पथराव के दौरान पुलिस के कई वाहनों को भी निशाना बनाया गया।
पुलिस के अनुसार, टंडवा, सराडु, बुकरू, चतरा सदर और सिमरिया थाना के कुल पांच पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ कर उन्हें क्षतिग्रस्त किया गया।
दो नामजद आरोपित गिरफ्तार, अन्य की तलाश
मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डहु पंचायत के पूर्व मुखिया समेत दो नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।



