सोहराब आलम, मोतिहारी। जिले के फेनहारा थाना क्षेत्र के खान पिपरा पंचायत में आज गुरुवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची पुलिस टीम पर अचानक ग्रामीणों ने पथराव कर दिया, जिसमें पुलिस की दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, एक महिला पुलिसकर्मी समेत 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए। महिला पुलिसकर्मी के सिर में गंभीर चोट लगी है, जिसे इलाज के लिए सीएचसी मधुबन में भर्ती किया गया है।

अतिक्रमण हटाने पहुंची थी पुलिस टीम

अंचलाधिकारी डेजी सिंह ने बताया कि करीब दो महीने पहले एक ग्रामीण की शिकायत पर उस जगह से अतिक्रमण हटाया गया था। इसके बाद जेसु राय, पिता बलदेव राय, पर दोबारा अतिक्रमण करने की शिकायत मिली। शिकायत मिलने के बाद गुरुवार को प्रशासन और पुलिस की टीम जेसीबी के साथ मथरवा गांव पहुंची और दोबारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान कुछ महिलाओं और पुरुषों ने अचानक से पुलिस टीम पर पथराव करना शुरू कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल भी हो गए।

पुलिस पर महिला को धक्का देने का आरोप

वहीं, ग्रामीणों का आरोप है कि अतिक्रमण हटाने के दौरान एक पुलिसकर्मी ने एक महिला को धक्का दे दिया, जिसके बाद गांव के लोग उग्र हो गए और पुलिस टीम पर पथराव करना शुरू कर दिया। हालांकि प्रशासन की ओर से महिला को धक्का देने की बात को लेकर कोई बयान या पुष्टि अभी तक सामने नहीं आई है।

सीओ डेजी सिंह ने कही कार्रवाई की बात

सीओ डेजी सिंह ने बताया कि घटना के बाद थाना पहुंचकर पूरे मामले की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि, पथराव, पुलिसकर्मियों के घायल होने और वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की घटना को लेकर जांच के बाद जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में मुठभेड़, पुलिस पर फायरिंग कर फरार हुआ कुख्यात उत्तम राय, तलाश जारी