सोनू वर्मा नूंह। जिले में रविवार को आयोजित हुई NEET (UG)-2026 परीक्षा के दौरान जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखने को मिले, वहीं पुलिस की एक मानवीय पहल ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों का दिल जीत लिया।
परीक्षा शुरू होने से पहले कई छात्र देरी होने या गलती से दूसरे परीक्षा केंद्र पर पहुंच जाने के कारण परेशान नजर आए। ऐसे में पुलिस के राइडर उनकी मदद के लिए आगे आए और समय रहते उन्हें सही परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया, जिससे उनका एक साल खराब होने से बच गया।
परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात रहे। केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ को रोकने के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए थे, जिनका सख्ती से पालन कराया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर रखी गई ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
पुलिस की इस संवेदनशील और तत्पर भूमिका की अभिभावकों तथा विद्यार्थियों ने सराहना की। कई छात्रों ने कहा कि समय पर मिली मदद ने उन्हें तनावमुक्त होकर परीक्षा देने का अवसर दिया।

