रेणु अग्रवाल, धार। मध्यप्रदेश के धार नगरी के आराध्य देव बाबा धारनाथ (धारेश्वर महादेव) की आज निकलने जा रही भव्य शाही सवारी से पूर्व धार पुलिस ने भक्ति और सेवा की एक अनूठी मिसाल पेश की। बाबा धारनाथ के अपनी प्रजा का हाल-चाल जानने नगर भ्रमण पर निकलने से पहले, पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और जवानों ने सवारी मार्ग पर श्रमदान कर साफ-सफाई की।

अधिकारियों ने हाथों में उठाई झाड़ू, कचरा उठाकर वाहन में डाला

धारेश्वर स्थित मंदिर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने खुद झाड़ू थामकर पूरे शाही सवारी मार्ग को चमकाया। श्रमदान के इस विशेष अभियान में एडिशनल एसपी विजय डाबर, सीएसपी शशांक सिंह गुर्जर, डीएसपी आनंद तिवारी, यातायात थाने के अमले सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और जवान प्रमुख रूप से शामिल हुए।अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने मार्ग पर झाड़ू लगाकर कचरा टोकरियों में भरा और उसे कचरा वाहन में डाला। इस दौरान नगर पालिका का सफाई अमला भी उनके साथ व्यवस्था में मुस्तैद रहा।

स्पा सेंटर की आड़ में संदिग्ध गतिविधि पर पुलिस का छापा: 5 युवतियों और संचालक समेत 12 हिरासत में

‘शहर को स्वच्छ रखने का संकल्प’ – एएसपी

सफाई अभियान के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए एडिशनल एसपी विजय डाबर ने बताया कि धार पुलिस ने अपने शहर को साफ-सुथरा और स्वच्छ रखने के लिए श्रमदान का संकल्प लिया है। उसी संकल्प के तहत आज भगवान धारनाथ की शाही सवारी निकलने से पहले पूरे मार्ग को स्वच्छ बनाने के लिए पुलिस अधिकारियों और जवानों द्वारा यह श्रमदान किया गया। धार पुलिस की इस पहल की स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं द्वारा जमकर सराहना की जा रही है। शाही सवारी को लेकर धार में भारी उत्साह है और सुरक्षा के साथ-साथ सफाई व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m