अविनाश श्रीवास्तव सासाराम। पटना के बापू सभागार में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान के विरोध में अब कानूनी कार्रवाई की सुगबुगाहट तेज हो गई है। सासाराम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता और पदाधिकारी आक्रोशित होकर सीधे सासाराम नगर थाना पहुंच गए और मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए लिखित आवेदन सौंपा।

​नगर थाना में वकीलों की टीम के साथ पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता

​सासाराम के नगर थाना परिसर में उस समय हलचल बढ़ गई जब भाजपा के नगर अध्यक्ष संदीप कुमार सोनी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल थाने पहुंचा। इस दौरान उनके साथ भाजपा के विधिक प्रकोष्ठ केकी कई प्रबुद्ध अधिवक्ता भी मौजूद थे। स्थानीय पुलिस अधिकारियों के समक्ष औपचारिक रूप से आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष के बयान को आपराधिक कृत्य बताते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने की पुरजोर मांग की गई है। पुलिस ने आवेदन को विधिवत रिसीव कर लिया है और इसकी एक प्रति भी शिकायतकर्ताओं को उपलब्ध कराई है।

​देश के करोड़ों लोगों की भावनाओं को ठेस और शांति भंग करने की कोशिश

​थाने के बाहर पत्रकारों और पुलिस अधिकारियों से बात करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि बापू सभागार में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व द्वारा जिस प्रकार की भाषा का प्रयोग किया गया है, वह बेहद आपत्तिजनक और निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के बयानों से न केवल देश के करोड़ों नागरिकों और प्रधानमंत्री पद की गरिमा को ठेस पहुंची है, बल्कि यह समाज में विद्वेष फैलाकर देश की शांति व्यवस्था को भंग करने का एक गंभीर प्रयास भी है। भाजपा नेताओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे देश के मुखिया के प्रति अमर्यादित टिप्पणियां किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और इस मामले में न्यायसंगत कानूनी कार्रवाई होनी ही चाहिए।