महाराष्ट्र के मालेगांव महानगर पालिका में टीपू सुल्तान की तस्वीर को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है. महानगरपालिका के उपमहापौर शान-ए-हिंद के नवीनीकरण किए गए कार्यालय में टीपू सुल्तान की तस्वीर लगने से राजनीतिक पारा चढ़ गया है. भाजपा नेताओं ने टीपू सुल्तान की तस्वीर लगाए जाने को षड्यंत्र का हिस्सा भी बताया है. BJP ने इसका विरोध करते हुए फौजदारी मामला दर्ज करने की मांग की है.

डिप्टी मेयर शान-ए-हिंद ने अपने कार्यालय में टीपू सुल्तान की तस्वीर दोबारा लगाई है. कुछ महीने पहले भी तस्वीर लगाने पर विवाद हुआ था और विरोध के बाद इसे हटा दिया गया था.

महाराष्ट्र के मालेगांव महानगरपालिका में उपमहापौर के रेनोवेट किए गए कार्यालय में छत्रपति शिवाजी महाराज और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जैसे महापुरुषों के साथ टीपू सुल्तान की फोटो लगाई गई थी. छत्रपति शिवाजी महाराज की तस्वीर के साथ टीपू सुल्तान की फोटो लगने से सियासी पर गरम होने के साथ ही भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने इसका कड़ा विरोध किया और जबरन उस तस्वीर को वहां से हटा दिया. 

मालेगांव उपमहापौर शान-ए-हिंद का कहना है कि टीपू सुल्तान ने देश के लिए बलिदान दिया था, इसलिए उनके कार्यालय में उनकी तस्वीर लगाई गई है. विवाद के बावजूद उप महापौर शाने हिंद अपने रुख पर अड़ी हुई हैं. उनका तर्क है कि संविधान उन्हें यह तस्वीर लगाने की इजाजत देता है.

हद तो तब हो गई जब उन्होंने खुद कहा कि जितनी बार उनके दफ्तर से टीपू सुल्तान की तस्वीर हटाई जाएगी, वह उतनी बार उसे दोबारा लगाएंगी. वहीं भाजपा ने इस मामले की पुलिस से शिकायत की है.

टीपू सुल्तान की तस्वीर लगाए जाने के विरोध में भाजपा के जिला अध्यक्ष निलेश कचवे सहित भाजपा पदाधिकारियों ने अपर पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की और उपमहापौर के खिलाफ फौजदारी मामला दर्ज करने की मांग की.

आपको बताते चले कि यह पहला मौका नहीं है जब मालेगांव में टीपू सुल्तान की तस्वीर को लेकर घमासान हुआ हो. इससे पहले नगर निगम चुनाव के नतीजों के बाद भी उपमहापौर द्वारा इस तस्वीर को लगाने को लेकर सड़क से लेकर सदन तक तीखा विरोध दर्ज कराया गया था.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m