भोपाल। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो गया है, रिजल्ट भी सामने आ गया है लेकिन राजनीतिक उथल-पुथल और बयानबाजी जारी है। वहीं भारतीय जनता पार्टी में भी हलचल मची हुई है। दिल्ली में कैलाश विजयवर्गीय और अमित शाह के बीच एक घंटे तक चर्चा हुई। इस मंथन के बीच नरोत्तम मिश्रा भी दिल्ली पहुंचे हुए हैं। इधर, पीसीसी चीफ ने कहा कि सिर्फ कांग्रेस की जीत नहीं है, समाजवादी पार्टी का भी योगदान रहा है। वहीं आजाद समाज पार्टी ने कांग्रेस की जीत को ‘उधार का सिंदूर’ बताया हैं।

नरोत्तम मिश्रा के सवाल पर आशुतोष तिवारी ने कही ये बात

दतिया के चुनावी दंगल में उतरे बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी का एक और बयान सामने आया हैं। उन्होंने कहा कि मैंने चुनाव लड़ा संगठन को जानकारी है। भितरघात या विश्वासघात के लिए समिति बनाई गई है। वहीं नरोत्तम मिश्रा के सवाल पर कहा कि यह समिति तय करेगी, किसने क्या किया ? आशुतोष ने कहा कि दतिया से मुझे आशीर्वाद मिला है, मैं अपना काम करता रहूंगा। यह नेतृत्व का काम है कि जिन्होंने जो किया उन पर निर्णय लें। मैंने अपनी बात समिति के सामने रखी है।

ये भी पढ़ें: दतिया कार्यकारिणी भंग होने पर अवधेश नायक ने जताई खुशी, नरोत्तम मिश्रा पर कसा तंज, कह दी ये बड़ी बात

दिल्ली पहुंचे नरोत्तम मिश्रा

इधर, पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा दिल्ली पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि नरोत्तम की दिल्ली में संगठन से मुलाकात हो सकती है। दतिया उपचुनाव में हार के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात हो सकती है। इस दौरान हार के कारण और संगठन की स्थिति पर चर्चा होगी। गौरतलब है कि नरोत्तम मिश्रा पर भीतरघात के गंभीर आरोप लगे हैं।

अमित शाह और कैलाश विजयवर्गीय के बीच हुई चर्चा

दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और एमपी सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बीच एक घंटे की चर्चा हुई। दतिया उपचुनाव में मिली हार से लेकर एमपी की सियासत को लेकर चर्चा हुई। दतिया क्यों किसकी वजह से हारे और कहा ठीकरा फोड़ा जा रहा है, इसे लेकर बातचीत हुई है। कल यानी बुधवार को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी।

ये भी पढ़ें: क्या आशुतोष तिवारी होंगे दतिया बीजेपी के जिलाध्यक्ष ? उपचुनाव में जी जान से जुटे नेताओं को मिलेगा बड़ा इनाम, भीतरघातियों का कटेगा पत्ता

PCC चीफ बोले- दतिया जीत सिर्फ कांग्रेस नहीं, सपा का भी योगदान

मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दतिया उपचुनाव में जीत को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ कांग्रेस की जीत नहीं है, समाजवादी पार्टी का भी योगदान रहा है। सपा के मुखिया अखिलेश यादव ने दतिया उपचुनाव में कांग्रेस को समर्थन दिया था। दतिया में सभा का एक वीडियो पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर किया साझा किया है। जिसमें लिखा कि “दतिया को लोकतंत्र की नई मिसाल बनाने में अखिलेश यादव का सहयोग हम कभी नहीं भूल पाएंगे।”

ASP प्रत्याशी ने कांग्रेस की जीत को बताया उधार का सिंदूर

वहीं आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी दामोदर यादव ने कांग्रेस की जीत को ‘उधार का सिंदूर’ का बताया हैं। उन्होंने कहा कि अब अगला चुनाव दतिया से ही लड़ूंगा। उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा चुनाव में आजाद समाज पार्टी 72 सीटों पर इलेक्शन लड़ेगी। दामोदर यादव ने कहा कि चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस में जमकर भीतरघात हुआ। कांग्रेस ने राजेंद्र भारती को निष्कासित कर हिम्मत का काम किया लेकिन बीजेपी नरोत्तम मिश्रा को पार्टी से बाहर का रास्ता नहीं दिखा पाई।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m