पटना। बिहार की राजनीति में मंगलवार को अचानक सियासी पारा चढ़ गया है। यूनिफॉर्म सिविल Code (UCC) और पार्टी का नाम बदलने की चर्चाओं के बीच राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ नेता और विधायक भाई वीरेंद्र ने नीतीश कुमार को एक बड़ा और खुला ऑफर दिया है। इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में सुगबुगाहट तेज हो गई है।
भाई वीरेंद्र का तंज
राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) उन्हें चारों तरफ से घेरने में लगी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नीतीश कुमार के अपने ही लोग उन्हें बर्बाद करने की साजिश रच रहे हैं।
भाई वीरेंद्र ने सुझाव दिया कि, भाजपा को लात मारकर हमारे साथ आइए और मिलकर सरकार बनाइए। उन्होंने तर्क दिया कि यूसीसी के मुद्दे पर भाजपा ने नीतीश कुमार को लपेटना शुरू कर दिया है। अगर बिहार में यह कानून लागू होता है, तो उनकी धर्मनिरपेक्ष छवि पर सीधा असर पड़ेगा। इसलिए बेहतर यही होगा कि वे एनडीए छोड़कर राजद के साथ आएं और मिलकर सांप्रदायिक ताकतों का मुकाबला करें।
जदयू का तीखा पलटवार
राजद के इस ऑफर पर जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बिहार सरकार के मंत्री और वरिष्ठ जदयू नेता विजय कुमार चौधरी ने राजद के प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया।
विजय चौधरी ने दो टूक शब्दों में कहा कि हम ऐसी बेतुकी और आधारहीन बातों पर ध्यान नहीं देते। राजद के पास अब कोई ठोस काम या मुद्दा नहीं बचा है। पिछले विधानसभा चुनाव में जनता ने उनका बोरिया-बिस्तर पहले ही लपेट दिया था, जिसके चलते उनके नेता अब अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं।
यूसीसी और जनता दल नीतीश चर्चा पर विराम
यूसीसी के प्रावधानों को लेकर विजय चौधरी ने स्पष्ट किया कि इसके नियम अभी तक सार्वजनिक नहीं हुए हैं। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा इस सिलसिले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर चुके हैं। प्रावधानों का गहराई से अध्ययन करने के बाद ही पार्टी इस पर कोई अंतिम विचार करेगी। यदि इससे कोई परेशानी या चिंता सामने आती है, तो उसे केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा।
वहीं, पार्टी का नाम बदलकर ‘जनता दल नीतीश’ करने की अटकलों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह के नीतिगत फैसले पार्टी की उच्चस्तरीय कमेटियां तय करती हैं, और फिलहाल ऐसा कोई विचार नहीं है।
अंदरखाने हलचल और एनडीए की रणनीति
इन राजनीतिक सरगर्मी के बीच नीतीश कुमार ने केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ‘ललन सिंह’ के आवास पर जाकर उनसे लंबी मुलाकात की। इसके अलावा मंत्री अशोक चौधरी समेत कई अन्य नेताओं ने भी नीतीश कुमार से भेंट की। आगामी 18 सितंबर को जदयू के सभी विधायकों और विधान परिषद सदस्यों (MLCs) की एक अहम बैठक बुलाई गई है, जिस पर सबकी नजरें टिकी हैं।



