भूना (सुनील सम्भ्रवाल): अग्रवाल समाज की अग्रणी संस्था अखिल भारतीय अग्रवाल महासभा के केंद्रीय नेतृत्व ने भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता एवं भूना नगर पालिका की पार्षद पूनम सिंगला को हरियाणा का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया है। उनकी इस नियुक्ति से अग्रवाल समाज एवं भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है।

महासभा के केंद्रीय नेतृत्व ने पूनम सिंगला की सामाजिक सक्रियता, संगठनात्मक क्षमता एवं जनसेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन ने विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में हरियाणा में अग्रवाल समाज और अधिक संगठित व सशक्त होगा तथा समाजहित के कार्यों को नई गति मिलेगी।

अपनी नियुक्ति पर पूनम सिंगला ने अखिल भारतीय अग्रवाल महासभा के राष्ट्रीय नेतृत्व एवं संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उस पर पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने संकल्प लिया कि वे समाज के उत्थान, महिला सशक्तिकरण तथा जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करेंगी।