चंडीगढ़। गोवा से चंडीगढ़ आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट में सोमवार को लैंडिंग के दौरान अचानक हड़कंप मच गया, जब एक यात्री के मोबाइल पावर बैंक में आग लग गई और कुछ ही देर में विस्फोट हो गया। इस घटना से विमान के अंदर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यात्रियों में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट IndiGo (फ्लाइट संख्या 6E108) दोपहर करीब 3:32 बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट Chandigarh International Airport पर सुरक्षित लैंड हुई थी। लेकिन लैंडिंग के लगभग तीन मिनट बाद ही यह घटना हो गई।
बताया जा रहा है कि 39-एफ सीट पर बैठे एक यात्री के पावर बैंक में अचानक धुआं निकलने लगा और उसके बाद उसमें आग लग गई। यात्री ने तुरंत इसकी जानकारी क्रू मेंबर्स को दी, लेकिन इससे पहले ही पावर बैंक फट गया।
यात्रियों में मची भगदड़, महिला घायल
विस्फोट के बाद विमान के अंदर अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कुछ यात्री घबराकर इमरजेंसी गेट की ओर बढ़ने लगे। इसी दौरान एक महिला यात्री गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके पैर में चोट आई है। उसे तुरंत जीरकपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
शुरुआती जांच जारी
फिलहाल इस घटना को लेकर एयरलाइन और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों की ओर से जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर इसे पावर बैंक में तकनीकी खराबी या ओवरहीटिंग से जुड़ा मामला माना जा रहा है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

