जम्मू-कश्मीर के उड़ी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास एक एक्सीडेंटल माइन ब्लास्ट में सेना के दो जवान घायल हो गए. घायल जवानों को सेना के बेस हॉस्पिटल ले जाया गया. यह धमाका 12 इन्फैंट्री ब्रिगेड के तहत काम करने वाली 8 राष्ट्रीय राइफल्स ‘अपर गढ़ फॉरवर्ड पोस्ट’ के पास हुआ. इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और सेना ने तुरंत बचाव अभियान शुरू कर दिया.

घटना के तुरंत बाद घायल जवानों को मौके से रेस्क्यू कर एयरलिफ्ट करके श्रीनगर के बादामीबाग स्थित सेना के बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका चिकित्सा उपचार चल रहा है.

यह धमाका कमलकोट सब-सेक्टर में 12 इन्फैंट्री ब्रिगेड के तहत काम करने वाली 8 राष्ट्रीय राइफल्स की अपर गढ़ फॉरवर्ड पोस्ट के पास हुआ. यह बेहद संवेदनशील इलाका है. यह पूरा क्षेत्र उरी पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है. जानकारी के अनुसार, मंगलवार को जब जवान अपनी नियमित गश्त और ड्यूटी पर थे, तभी अचानक एक पुरानी माइन में जोरदार धमाका हो गया.

सूत्रों ने बताया कि धमाके में घायल सैनिकों की पहचान दफादार विजय कुमार (42) और नायक शरणपा अंगारी (28) के रूप में हुई है. सेना के अधिकारी उनकी हालत पर बारीकी से नज़र रख रहे हैं. धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में उसकी आवाज सुनी गई. दोनों जवान 8 राष्ट्रीय राइफल्स में सेवारत हैं.

यह खबर ऐसे समय में आई है जब जम्मू में आने वाले स्वतंत्रता दिवस के जश्न के लिए सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लेने के लिए एक बड़ी बैठक बुलाई गई थी. अधिकारियों ने बताया कि माइन धमाके की वजहों का पता लगाया जा रहा है. धमाका किन हालात में हुआ और क्या यह कोई हादसा था, इसकी जांच शुरू कर दी गयी है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m