विनोद सैनी, हिसार। भारत स्वाभिमान न्यास और पतंजलि योग समिति द्वारा हिसार एवं मंडी आदमपुर में आयोजित सह-योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविरों में योग, प्राणायाम, ध्यान और यज्ञ-हवन के माध्यम से स्वस्थ, संस्कारित और आत्मनिर्भर समाज निर्माण का संदेश दिया गया। 28 जून तक चलने वाले इन शिविरों के नौवें दिन साधकों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया।
योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से बनाता है स्वस्थ
ठाकुरदास भार्गव सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हिसार में आयोजित 15 दिवसीय असिस्टेंट योग टीचर ट्रेनिंग कैंप और बाल संस्कार-चरित्र निर्माण शिविर में योगाचार्य डॉ. मुकेश कुमार और वीरेन्द्र बड़ाला ने साधकों को एंटी-एजिंग (बुढ़ापा-रोधी) योगासनों का अभ्यास कराया। इस दौरान वृक्षासन, भुजंगासन, धनुरासन और अर्ध हलासन सहित कई महत्वपूर्ण योगासनों की बारीकियां समझाई गईं।
योगाचार्यों ने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बनाए रखने के साथ-साथ जीवन की गुणवत्ता में भी सुधार करता है। योग से शरीर में ऊर्जा, स्फूर्ति और सकारात्मकता का संचार होता है, जिससे बढ़ती उम्र में भी व्यक्ति सक्रिय और आत्मविश्वासी बना रहता है।
रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के सिखाए गए गुर
मंडी आदमपुर में आयोजित शिविर में प्रतिदिन वैदिक विधि से यज्ञ-हवन कराया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार इससे साधकों में आध्यात्मिक चेतना, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना का विकास हो रहा है। योगाचार्य राकेश कुमार ने प्रतिभागियों को नियमित योगाभ्यास के माध्यम से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और मानसिक एकाग्रता विकसित करने के गुर सिखाए।

शिविर के दौरान कई साधकों ने योगासनों का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिन्हें मंच पर आमंत्रित कर अन्य प्रतिभागियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनाया गया। वहीं सेक्टर 1-4 क्षेत्र के साधकों ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के बाद अपने क्षेत्र में भी योग शिविर शुरू करने का आग्रह किया, जिसे पतंजलि योग समिति ने स्वीकार कर लिया है।
आयोजकों ने बताया कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक वैज्ञानिक एवं आध्यात्मिक पद्धति है। शिविर में उपस्थित सभी साधकों ने नियमित योग करने और योग तथा भारतीय संस्कृति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में ईश आर्य, अजय एलावादी, सुरेन्द्र पानू हिन्दुस्तानी, उदयवीर, राजेश कुमार, राजबीर बलहारा, भूप सिंह, प्रमेन्द्र, जयवीर, अभिषेक, राकेश, तेजस सहित बड़ी संख्या में योग शिक्षक, साधक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

