कुंदन कुमार/पटना। बिहार की राजनीति में इन दिनों बयानों का दौर अपने चरम पर है। इसी क्रम में बिहार सरकार के मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने राजद सांसद सुधाकर सिंह और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर जोरदार जुबानी हमला बोला है। मंत्री ने साफ तौर पर कहा कि राजद नेताओं को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।
अवैध संपत्ति और सरकारी आवास पर उठाए सवाल
प्रमोद चंद्रवंशी ने सुधाकर सिंह के बयानों को सिरे से खारिज करते हुए उन पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जो सुधाकर सिंह आज बिहार सरकार पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें पहले यह बताना चाहिए कि राजद नेताओं ने किस प्रकार अकूत अवैध संपत्ति अर्जित की है। मंत्री ने तल्ख लहजे में कहा कि केवल बिना सिर-पैर के आरोप लगाने या कागजों का दिखावा करने से सच्चाई नहीं बदलती। जनता सब देख रही है और राजद नेताओं द्वारा सरकारी आवास खाली करने को लेकर जो नौटंकी की जा रही है उसका जवाब जनता सही समय पर देगी।
तेजस्वी यादव की कार्यशैली पर कसा तंज
मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने राजद नेता तेजस्वी यादव को भी घेरे में लिया। उन्होंने तेजस्वी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास बिहार के विकास के लिए न तो कोई विजन है और न ही कोई ठोस नीति। उन्होंने कहा तेजस्वी यादव यह बताने में पूरी तरह विफल रहे हैं कि वे शिक्षा के क्षेत्र में बिहार को कैसे आगे बढ़ाएंगे और युवाओं को रोजगार के अवसर कैसे प्रदान करेंगे।
मंत्री ने आगे कहा कि चुनाव के दौरान भी राजद के पास जनता को समझाने के लिए कोई सकारात्मक थीम नहीं थी। अब वे केवल बड़बोलेपन का सहारा ले रहे हैं। चंद्रवंशी ने आरोप लगाया कि जिस परिवार ने कभी बिहार के उत्थान के लिए कोई सार्थक कार्य नहीं किया, उन्हें राज्य का विकास भला कैसे दिखाई देगा।
प्रमोद चंद्रवंशी के इस आक्रामक तेवर ने बिहार की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। अब देखना यह होगा कि राजद की ओर से इस पर क्या प्रतिक्रिया आती है। बहरहाल, मंत्री के इन तीखे बयानों ने स्पष्ट कर दिया है कि आने वाले दिनों में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का यह सिलसिला और भी तेज होने वाला है।

