कुंदन कुमार, पटना। बिहार एमएलसी चुनाव को लेकर जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर से विधायक लगातार अपने प्रत्याशियों के समर्थन में घूम-घूमकर प्रचार करते हुए नजर आ रहे हैं। इस बीच आज गुरुवार (15, अक्टूबर) को वह सहरसा पहुंचे, जहां मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने बिहार में बढ़ते अपराध, घटनाओं और एमएलीस चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया।

तो अपराधी ही चलाएंगे सरकार- प्रशांत किशोर

मीडिया को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने आरा में रिटायर्ड कस्टम अधिकारी को गोली मारने और नालंदा में सिपाही की मौत पर सम्राट सरकार पर जमकर निशाना साधा। पीके ने कहा कि, जब बिहार में लोग अपराधियों को चुनकर सदन का सदस्य बनाएंगे और सरकार को अपराधी ही चलाएंगे। तो फिर लोग अच्छे समाज, अच्छे लोगों और रोजगार की कल्पना कैसे कर सकते हैं? उन्होंने प्रशासन पर भी तंज कसते हुए कहा कि, पुलिस-प्रशासन का ध्यान अपराध नियंत्रण के बजाय शराबबंदी, बालू माफिया से पैसा कमाने व अपराध को संरक्षण देने में है।

सरकार पर अंकुश लगाने का चुनाव- पीके

इस दौरान प्रशांत किशोर ने MLC चुनाव की तैयारियों पर भी बड़ा बयान दिया। पीके ने कहा कि, MLC चुनाव सरकार बनाने या हटाने का नहीं, उस पर अंकुश लगाने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि, कोसी में NK Yadav हारते हैं, तो भाजपा से जुड़े विधायक-सांसद से लेकर दिल्ली तक के नेता सोचेंगे कि लोग भाजपा से विमुख क्यों हो रहे हैं? इससे जवाबदेही बढ़ेगी और लोकतंत्र मजबूत होगा।

वैशाली नाव हादसे को बताया आदिकाल जैसी घटना

वहीं, वैशाली के राघोपुर में हुए नाव हादसे में 13 बच्चों की मौत पर उन्होंने संवेदना जताते हुए कहा कि, यह घटना बताता है कि जहां लोग अपने और अपने बच्चों की सुविधाओं को छोड़कर जाति-धर्म में बंटकर वोट देते हैं, वहां सुधार नहीं होगा। आज के जमाने में नाव पर 20-25 बच्चे डूब जाएं और कोई NDRF या SDRF न हो, यह आदिकाल जैसी घटना है।

सभी 8 सीटों पर चुनाव लड़ रही है जन सुराज

बांकीपुर उपचुनाव में मिली जीत से उत्साहित जन सुराज ने भी सभी 8 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। जन सुराज ने बिहार एमएलसी चुनाव के लिए पटना स्नातक से डॉ. अनुज सिंह, तिरहुत स्नातक से डॉ विमोहन और तिरहुत शिक्षक से श्यामनंद यादव को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, दरभंगा शिक्षक सीट से एसपी राय, दरभंगा स्नातक सीट से रवींद्र यादव और सारण शिक्षक सीट से अफाक अहमद को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, पटना शिक्षक सीट से दिव्या ज्योति और कोसी स्नातक से रजनीश रंजन को उम्मीदवार बनाया है।

ये भी पढ़ें- शर्मनाक: बिहार में फीमेल डॉग के साथ दुष्कर्म, 6 बच्चों का पिता है आरोपी, साल भर से कर रहा गंदा काम