उत्तम कुमार, मुजफ्फरपुर। जन सुराज के सूत्रधार व बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर ने मुजफ्फरपुर में MLC चुनाव को लेकर आयोजित शिक्षा संवाद में हिस्सा लिया। शहीद प्रमोद बी.एड कॉलेज, माधोपुर में आयोजित इस संवाद में तिरहुत निर्वाचन क्षेत्र के शिक्षक प्रत्याशी श्याम नंदन यादव और स्नातक प्रत्याशी डॉ. विमोहन भी मौजूद रहे। इस दौरान PK ने दोनों प्रत्याशियों के साथ चर्चा की और वोट अपील भी की।

शिक्षकों को 7वां वेतनमान दिलाने का वादा

प्रशांत किशोर ने कहा कि, इस इलाके के शिक्षक और बुद्धिजीवी साथियों के साथ बैठक का उद्देश्य जन सुराज की ओर से किए गए वादों को कैसे पूरा किया जाए, इस पर विस्तृत चर्चा करना है। उन्होंने कहा कि, बिहार में दशकों से शिक्षकों की समस्या चली आ रही है। शिक्षक अलग-अलग वर्गों में बंटे हुए हैं, कोई वित्तरहित है, कोई नियोजित है, कोई विद्यालय शिक्षक है, कोई प्रधानाचार्य शिक्षक है।

प्रशांत किशोर ने कहा कि, जन सुराज ने 2 अक्टूबर से यह तय किया है कि सभी कैटेगरी के शिक्षकों के लिए 7वां वेतनमान दिलाने की जो गारंटी है, वो शिक्षक भाइयों के साथ प्रशांत किशोर की होगी और अगले लोकसभा चुनाव से पहले बिहार के शिक्षकों के लिए वेतनमान सुनिश्चित कर लिया जाएगा। वित्तरहित शिक्षकों की दशकों पुरानी समस्या का समाधान और समायोजन किया जाएगा। साथ ही, गैर-शैक्षणिक कार्यों में शिक्षकों के इस्तेमाल को लेकर राज्य स्तर पर मानक बनाया जाएगा, ताकि जिला पदाधिकारी शिक्षकों का गैर-शैक्षणिक कार्यों में शोषण न कर सकें।

10 हजार युवाओं को नौकरी देने का ऐलान

प्रशांत किशोर ने कहा कि, हमारे स्नातक साथी बिहार के सबसे पढ़े-लिखे मतदाता हैं। जो पढ़े-लिखे युवा बिहार में बदलाव और बेहतरी चाहते हैं, उनके लिए जन सुराज ने घोषणा की है कि अगर इस निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. विमोहन जन सुराज के उम्मीदवार के तौर पर जीतकर आते हैं, तो इस क्षेत्र के बेरोजगारों को वही सुविधा मिलेगी जो बांकीपुर के मतदाताओं को दी गई है, यानी पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं को 10 हजार नौकरी देने का सीधा वादा जन सुराज ने किया है।

ये दो वादे प्रशांत किशोर के हैं। अगर श्याम नन्दन जी जीतकर आते हैं तो शिक्षकों को 7वां वेतनमान मिलेगा और अगर डॉ. विमोहन जी जीतकर आते हैं, तो यहां 10 हजार बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने की जिम्मेदारी उनकी होगी।

जदयू से जुड़े सवाल पर कही ये बात

इस दौरान पीके ने जदयू पर तंज कसते हुए कहा कि, सत्ता में तो जन सुराज आज भी नहीं है, फिर 1 करोड़ बुजुर्गों की पेंशन 400 से 1100 कैसे कर दी, Student Credit Card को जो सरकार ने 4 लाख से 2 लाख किया था, उसको वापस 4 लाख कैसे कर दिया? इसलिए कर दिया क्योंकि पूरे समाज को मालूम है कि अगर प्रशांत किशोर ने आवाज उठाई है तो सोच-समझकर उठाई होगी।

उन्होंने कहा कि, हमारा लक्ष्य विधायक बनना, सत्ता-विपक्ष में आना नहीं है, बिहार में सुधार करना है। आज अगर कहीं व्यवस्था द्वारा अन्याय हो रहा है तो लोग जन सुराज की तरफ जा रहे हैं। रौशन यादव की हत्या, बंटी यादव हो या भरत भूषण तिवारी हो, NEET की छात्रा के साथ रेप का मामला हो, बेगूसराय की लड़की के होटल में जो बदतमीजी की गई, कोई भी घटना हो रही है तो आवाज कौन उठा रहा है? लोग किसके पास जा रहे हैं। ताकत विधायक की नहीं है, ताकत लोगों की है।

इस मौके पर इंद्रभूषण अशोक, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी श्याम नंदन यादव, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी डॉ. विमोहन कुमार, सुभाष कुशवाहा, राकेश पटेल, नवल किशोर राउत, रेनू पासवान, रंजना कुमारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- जमुई सदर अस्पताल में दो प्रसूताओं की मौत से हड़कंप, मंत्री श्रेयसी सिंह ने लगाई फटकार