उत्तम कुमार, मुजफ्फरपुर। जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर बिहार के विभिन्न जिलों का दौरा कर संगठन को मजबूत करने में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में आज रविवार (24 मई) को वह बिहार नवनिर्माण अभियान के तहत मुजफ्फरपुर पहुंचे, जहां माधोपुर सुस्ता में आयोजित जन सुराज की जिला कार्यकारिणी कार्यशाला सह संगठनात्मक बैठक में शामिल हुए। इस बैठक में जिले की सभी सांगठनिक इकाइयों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि, वे जन सुराज की जिला कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने के लिए मुजफ्फरपुर आए हैं। उन्होंने कहा कि जन सुराज संगठन को और मजबूत एवं सक्रिय बनाने के लिए पुनर्गठन की प्रक्रिया तेजी से चल रही है।

नवनिर्माण आश्रम को लेकर कही ये बात

पत्रकारों द्वारा जन सुराज बिहार नवनिर्माण आश्रम को लेकर पूछे गए सवाल पर पीके ने कहा कि विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद उन्होंने और पार्टी के वरिष्ठ साथियों ने चंपारण स्थित गांधी भितिहरवा आश्रम में एक दिन का उपवास कर यह घोषणा की थी कि नई सरकार के छह महीने पूरे होने तक जन सुराज संगठन के पुनर्गठन का कार्य किया जाएगा। इसी के तहत जिला और राज्य इकाइयों को भंग कर संगठन को नए सिरे से मजबूत किया गया है।

मंहगाई और बेरोजगारी को लेकर गहरी नाराजगी

प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज शिक्षा, भ्रष्टाचार, पलायन, बेरोजगारी और बिहार में बदलाव जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच मजबूती से अपनी बात रखेगा। वहीं, ‘कॉक्रोच जनता पार्टी’ को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि यह कोई राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि एक डिजिटल अभियान है। उन्होंने कहा कि अगर करोड़ों लोग किसी मंच से जुड़ रहे हैं तो यह इस बात का संकेत है कि समाज में भ्रष्टाचार, महंगाई, गरीबी और बेरोजगारी को लेकर गहरी नाराजगी है।

बांकीपुर उपचुनाव को लेकर दिया बड़ा बयान

वहीं, बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज मजबूती से चुनाव लड़ेगा। उम्मीदवार को लेकर पार्टी स्तर पर चर्चा चल रही है और उचित समय पर इसकी जानकारी दी जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गाड़ियों की संख्या कम करने वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पीके ने कहा कि देश की जनता महंगाई से त्रस्त है, ऐसे में विश्व गुरु का दावा सिर्फ जुमला बनकर रह गया है। यह पेट्रोल बचाओ है या ‘पेट्रोल खपाओ’, यह तो मोदी जी ही बता सकते हैं।

उन्होंने कहा कि अगर देश दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है, तो फिर आम लोगों को गैस, तेल और जरूरी संसाधनों की कमी जैसी समस्याओं का सामना क्यों करना पड़ रहा है।

मौके पर मौजूद रहे ये लोग

मौके पर पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना, तथागत हर्षवर्धन, अजय कुमार द्विवेदी, आर.एन. सिंह, सरवर अली, डॉ. शहनवाज, सुभाष कुशवाहा, विजय वात्सायन, जेपी सिंह, अबू अफ्फान फारूकी, प्रो. शशिकांत प्रसाद, जिला अध्यक्ष लाल बाबू, जिला महासचिव बिपिन चौधरी, महिला अध्यक्ष रंजना कुमारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- पटना SSP का बड़ा एक्शन: छापेमारी के दौरान खुद की तलाशी देने के मामले में दो थानाध्यक्ष निलंबित