Bihar News: बांकीपुर के विधायक और जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने एक बार फिर से सीएम सम्राट चौधरी पर बड़ा हमला बोला है। दरअसल आज बुधवार को जब पटना में मीडिया ने उनसे प्रदेश की मौजूदार कानून-व्यवस्था की स्थिति पर उनकी राय जानना चाहा तो पीके ने कहा कि, पहले भी हम लोगों ने कहा है कि बिहार में जब तक सम्राट चौधरी जैसे लोग मुख्यमंत्री रहेंगे, तब तक अपराध मुक्त समाज की चर्चा करना बेमानी है।
सीएम सम्राट पर कसा तंज
प्रशांत किशोर ने कहा कि, जब सत्ता के शीर्ष पद पर बैठा व्यक्ति ही आपराधिक प्रवृत्ति का है तो बिहार में अपराध कैसे रुकेगा? ये लोगों को तय करना है, बांकीपुर की जनता ने भी ये दिखाया है। साथ ही उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि, बांकीपुर क्षेत्र से 10 हजार परिवारों के एक व्यक्ति को उसकी योग्यता के अनुसार निजी नौकरी मिलनी ही है। विपक्ष को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। वे अपने क्षेत्र की चिंता करें।
शराबबंदी कानून को खत्म करने की मांग
पीके ने राज्य में जारी शराबबंदी कानून को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि, 10 सालों से शराबबंदी कानून लागू है, जो पूरी तरह से फर्जी साबित हुआ। इसे हटाया जाना चाहिए। प्रशांत किशोर ने कहा कि, इस कानून से न तो बिहार को कोई लाभ हो रहा है और ना ही यहां के आम लोगों को। इस कानून को शराब माफिया और भ्रष्ट तंत्र के फायदे के लिए बनाया गया है।
10 हजार परिवार को नौकरी देने का वादा
आपको बता दें कि बांकीपुर उपचुनाव में जीत हासिल करने के बाद से प्रशांत किशोर लगातार बांकीपुर क्षेत्र का यात्रा कर रहे हैं। हर वार्ड में जाकर वे लोगों को वोट देकर उन्हें जीताने के लिए धन्यवाद दे रहे हैं। इसी क्रम में कल मंगलवार को प्रशांत किशोर ने अपने विधानसभा क्षेत्र में अगले एक साल में 10 हजार परिवार में एक-एक प्राइवेट नौकरी की व्यवस्था करने का बड़ा ऐलान किया था। पीके ने कहा था कि अपने बच्चों का बायोडाटा मेरे कार्यालय में भेज दीजिएगा। हम उनके नौकरी की व्यवस्था करेंगे। पीके के इस ऐलान को लेकर सत्ता पक्ष के नेता सवाल उठा रहे हैं।
ये भी पढ़ें- सदन में अमित शाह के बोलने पर मीसा भारती ने खोला राज! बताया कब होगी चर्चा


